अहमदाबाद : अहमदाबाद के गोता में सिल्वर ओक कॉलेज रोड पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। ब्रेन केयर अस्पताल के सामने सड़क किनारे पैदल जा रही छात्रा को तेज रफ्तार पीले रंग की क्रेन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्रेन का बायां अगला टायर छात्रा के ऊपर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रेरणा, उम्र 19 वर्ष, के रूप में हुई है। शिकायत के मुताबिक, प्रेरणा गोटा स्थित सिल्वर ओक कॉलेज में B.Sc. बायोटेक्नोलॉजी के दूसरे वर्ष में पढ़ाई कर रही थी।
परिजनों के मुताबिक, 22 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे प्रेरणा घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। करीब साढ़े 12 बजे दृष्टि गोहिल नाम की युवती ने उसकी मां कांता बेन को फोन कर प्रेरणा के हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिजन गोता सिल्वर ओक कॉलेज रोड स्थित ब्रेन केयर अस्पताल के सामने पहुंचे, जहां लोगों की भीड़ जमा थी और प्रेरणा सड़क किनारे पड़ी थी।
छात्रा पर चढ़ा अगला टायर
शिकायत में कहा गया है कि घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। प्रेरणा ब्रेन केयर अस्पताल के सामने सड़क किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान एसजी हाईवे की तरफ से आ रही पीले रंग की क्रेन नंबर GJ-01-RQ-2685 के चालक ने क्रेन को तेज और लापरवाही से चलाते हुए पीछे से प्रेरणा को टक्कर मारी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गई और क्रेन का बायां अगला टायर उसके शरीर के ऊपर चढ़ गया।
परिजनों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों और प्रेरणा के साथ पढ़ने वाली छात्राओं से घटना की जानकारी मिली। मौके पर मौजूद हित देसाई ने भी बताया कि क्रेन नंबर GJ-01-RQ-2685 के चालक ने प्रेरणा को टक्कर मारी और उसके ऊपर टायर चढ़ जाने से उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद A डिविजन ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे के बाद क्रेन चालक के मौके से भागने की कोशिश करने की भी जानकारी सामने आई है। भागते समय क्रेन की एक ऑटो रिक्शा से टक्कर हो गई। इसके बाद लोगों ने क्रेन चालक को पकड़कर पुलिस स्टेशन पहुंचाया।
