Murder News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर युवती की हत्या के बाद शव सूटकेस (ट्रॉली बैग) में भरकर फेंकने का मामला सामने आया है। राया थाना इलाके में कृषि अनुसंधान केंद्र के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रॉली बैग में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती के सीने पर गोली मारने के निशान मिले हैं। ऐसे में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवती का गोली मारकर मर्डर किया गया है। शुरुआती जांच में युवती के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस की पांच टीमें मामले को सुलझाने में लगी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को राया पुलिस को जानकारी मिली कि यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे सर्विस रोड पर लाल रंग का एक सूटकेस पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन-108 के पास नोएडा से आगरा की तरफ जा रही सर्विस रोड पर झाड़ियों में एक सूटकेस दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले में सुराग जुटा रही पुलिस
पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसमें साड़ी और रजाई से ढंकी पॉलीबैग में लिपटी एक युवती की लाश मिली। सूटकेस में लाश मिलने की सूचना पर आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने भी सभी लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हुई। अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस मामले में सुराग लगा रही है। आशंका जताई जा रही है कि रात में दिल्ली से आगरा की ओर जाते वक्त किसी वाहन से सूटकेस को यहां फेंका गया है। सीओ महावन आलोक सिंह के अनुसार लाल रंग के ट्रॉली बैग में पॉलीथिन में करीब 25 साल की युवती की लाश मिली है। लाश के हाथ में कलावा बंधा हुआ है।गोली मारकर हत्या करने के बाद शव फेंकने की आशंका
शव के हाथ और पैरों के अलावा सिर में भी चोट के निशान मिले हैं। युवती का रंग गोरा है और काले लंबे बाल हैं। युवती ने स्लेटी रंग की टी-शर्ट और नीले—सफेद रंग का प्लाजो पहना है। सीओ महावन आलोक सिंह ने युवती की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को सूटकेस में यहां फेंकने की आशंका जताई है। दुष्कर्म की भी आशंका है। हालांकि उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। आसपास के थानों और जिलों में युवती के फोटो पहचान के लिए भेज दिए गए हैं। खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं।
