आगरा

आगराः पालतू कुत्ते को कार में बंद कर चले गए देखने ताज, लौटे तो हैंडब्रेक में फंसी हुई चेन के साथ मिली लाश, FIR

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jul 3, 2023, 08:06 PM IST

Agra Latest News: सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद लोगों का दिल मृत कुत्ते को लेकर पिघल गया और उन्होंने इस दौरान उसके मालिक पर गुस्सा जाहिर किया।

Image

आगराः पालतू कुत्ते को कार में बंद कर चले गए देखने ताज, लौटे तो हैंडब्रेक में फंसी हुई चेन के साथ मिली लाश, FIR

Agra Latest News: ताज महल देखने के चक्कर में एक परिवार अपने पालतू कुत्ते को कार के अंदर बंद कर चला गया। वे लोग जब घूमकर लौटे तो उन्हें अपना प्यारे लैब्राडोर की लाश मिली। सफेद रंग के उस डॉगी की डेडबॉडी में लगी चेन हैंडब्रेक में फंसी हुई थी। हैरत की बात है कि फैमिली जब ताज देखने जा रही थी तब कुछ लोगों ने उन्हें कुत्ते को गाड़ी के अंदर छोड़ने के लिए टोका था।

उन्होंने ऐसा करने से साफ मना किया था, पर परिवार ने किसी की न सुनी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना से जुड़ा वीडियो भी बनाया, जिसके बाद यह मामला गर्मा गया और केस की सूचना पर पुलिस ने उक्त धारा के तहत फैमिली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।

pet dog

पालतू कुत्ते की लाश कुछ इस कदर पड़ी मिली। (वीडियो स्क्रीनग्रैबः टि्वटर)

दरअसल, रविवार को हरियाणा के हिसार के रहने वाले अजय कुमार फैमिली को लेकर यूपी के आगरा में ताज देखने पहुंचे थे। वह अपनी आई 20 एक्टिव कार (एचआर 80ई 3383) से वहां गए थे, पर इस दौरान साथ में पालतू लैब्राडॉर भी था। वह जब ताज के अंदर जा रहे थे, तब पार्किंग कर्मचारी ने उनसे कहा था कि साहब गर्मी बहुत है। ऐसे में वह कुत्ते को अंदर न छोड़ें।

टूर गाइड ने भी सलाह दी कि किसी होटल में छोड़ दीजिए। वहां 100-200 रुपए लेकर आपका कुत्ता रख लिया जाएगा और वह वहां सुरक्षित रहेगा, मगर उन्होंने किसी की बात नहीं मानी और कुत्ते को अंदर बंद कर चले गए।

हालांकि, कुत्ते के लिए वे लोग पीछे की खिड़की हल्की से खोल कर चले गए थे, मगर जब वह लौट कर आए तो लाश मिली। ऐसा बताया गया कि कुत्ते के गले में उस दौरान जंजीर (चेन) बंधी थी। वह इस दौरान गर्मी के मारे छटपटा रहा था और उसने कार में उछल-कूद भी मचाई। आशंका जताई गई कि उसकी मौत दो कारणों से हो सकती है। पहला- दम घुटने से, जबकि दूसरी वजह- हैंडब्रेक में चेन कसने से गले में फंदा कसने से।

हालांकि, यह साफ तभी हो सकेगा जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी। पुलिस ने कार जब्त कर परिवार के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 560/22 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद लोगों का दिल मृत कुत्ते को लेकर पिघल गया और उन्होंने इस दौरान उसके मालिक पर गुस्सा जाहिर किया।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ता author

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" ... और देखें

End of Article