Rental Bike in Agra: उत्तर प्रदेश में रेंटल बाइक का पहला लाइसेंस ताजनगरी आगरा में जारी किया गया है। गोवा की तर्ज पर पर्यटक बाइक और बुलेट से पर्यटन स्थलों की सैर कर सकेंगे। पर्यटक आगरा के साथ मथुरा और भरतपुर तक घूमने जा सकेंगे। 500 से 1200 रुपये रोजाना का किराया देना पड़ेगा। आपको बता दें कि गोवा में पर्यटकों को घूमने के लिए दो पहिया वाहन किराए पर मिलते हैं। किसी भी स्थल पर जाने में पर्यटकों को परेशानी नहीं होती है। ताजनगरी में भी पर्यटक दो पहिया वाहन से हर पर्यटन स्थल का आनंद ले सकेंगे।
ताजनगरी में शासन स्तर से पहला रेंटल बाइक का लाइसेंस जारी हो गया है। आगरा कैंट के राहुल कपूर को यह लाइसेंस मिला है। वह साल 2017 से रेंटल बाइक के लिए कोशिश कर रहे थे। अभी सात दो पहिया वाहन के लिए इजाजत मिली है।
