Murder In Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां किले की खाई की दीवार पर बैठकर गांजे का नशा कर रहे दोस्तों में सिगरेट को लेकर झगड़ा हो गया। दोस्तों के बीच हुए विवाद में एक युवक की जान चली गई। दरअसल, दोस्तों में से एक ने मृत युवक से सिगरेट मांगी थी। जब उसने सिरेगट देने से इनकार किया तो वह भड़क गया। उसने युवक को 30 फुट गहरी खाई में फेंक दिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वह किसी तरह से खाई से बाहर आया। घायल ने राहगीर की मदद से परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन घायल को अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में ही घायल की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक युवक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
एसपी सिटी विकास कुमार के अनुसार, मलपुरा के गांव मिर्जापुर के रहने वाले लखन ने 27 अक्टूबर को थाना रकाबगंज में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि, उसका भाई कप्तान सिंह 25 अक्टूबर को घर से निकला था। उसने घर से जाते वक्त कहा था कि, वह सोहेल के पास जा रहा है। बाद में एक राहगीर का फोन आया कि, कप्तान सिंह आगरा फोर्ट स्टेशन के बाहर सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग वहां पहुंचे। कप्तान सिंह ने जानकारी दी कि, सोहेल और उसके दोस्तों ने उसे खाई में फेंक दिया था।
आरोपी ने पुलिस के सामने खोले राज
युवक घायल अवस्था में किसी तरह बाहर आया। परिजन कप्तान को अस्पताल ले जा रहे थे, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने गुरुवार को सोहेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी मंटोला के ढोलीखार का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि, कप्तान पिछले करीब पांच महीने से मेरा दोस्त था। कप्तान मेरे पास गांजा पीने आता था। जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन भी वह आया था। कप्तान आगरा फोर्ट स्टेशन के सामने सैय्यद के पास किले की खाई की दीवार पर बैठकर गांजा पी रहा था। उसे नशा अधिक हो गया था। जब मैंने कप्तान से सिगरेट मांगी तो उसने इनकार कर दिया। इस पर झगड़ा हो गया। वह गाली देने लगा। उससे मना किया लेकिन वो नहीं माना। इसे वह भड़क उठा। उसने कप्तान को किले की खाई में धक्का दे दिया। वह कप्तान का मोबाइल भी ले गया। उसने बताया कि, खाई 30 फुट गहरी थी। लेकिन किसी तरह से कप्तान बाहर आ गया। उसने राहगीर से मदद मांगी। बाद में उसकी मौत हो गई।
