आगरा

Agra Groom Arrested: आगरा में मंडप की जगह हवालात पहुंचा दूल्हा, प्रेमिका बोली, ‘किसी और का नहीं होने दूंगी’

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 9, 2022, 04:28 PM IST

Agra Groom Arrested: आगरा में शादी के मंडप में पहुंचने से पहले ही दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर हवालात में पहुंचा दिया। युवक की प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया है। बारात की स्वागत की तैयार में लगे दुल्हन पक्ष के लोगों को जब यह जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए।

Image

पुलिस ने शोषण के आरोप में दूल्हे को गिरफ्तार किया

KEY HIGHLIGHTS
  • घुड़चढ़ी से पहले ही गिरफ्तार हुआ युवक
  • प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर शोषण करने का लगाया आरोप
  • दूल्हे की गिरफ्तारी की खबर पर दुल्हन के घर पसरा सन्नाटा

Agra Groom Arrested: आगरा के रहने वाले एक युवक की आज मथुरा में बारात जानी थी। घर में मंगल गीत का कार्यक्रम और शगुन की रस्में चल रही थीं। अचानक पुलिस की दरवाजे पर दस्तक से सब लोग घबरा गए। पुलिस ने होने वाले दूल्हे को अरेस्ट कर लिया। परिजनों ने जब युवक को गिरफ्तार करने की वजह पूछी तो बताया कि प्रेमिका ने यौन शौषण का मुकदमा दर्ज कराया है। युवक पर आरोप है कि वह तीन साल से प्रेमिका को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण कर रहा था। अब शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद शादी की तैयारियों में रंग में भंग पड़ गया।

न्यू आगरा इलाके का यह मामला है। न्यू आगरा इलाके के रहने वाली युवती मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और उसने प्रार्थना पत्र दिया। युवती को पुलिस कमिश्नर कार्यालय से थाने भेजा गया। बुधवार को पुलिस ने पीड़ित युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।

आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया

पुलिस ने कृष्णा बाग के दयालबाग में रहने वाले राहुल के खिलाफ दुराचार की धारा में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल भी कराया। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी राहुल को हिरासत में ले लिया। प्रेमिका का आरोप है कि राहुल से तीन वर्ष पहले दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्त प्यार में बदल गई। आरोपी राहुल ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। कुछ समय पहले से उसने दूरी बनानी शुरू कर दी। राहुल ने बात भी करना बंद कर दिया था। आरोप है कि शादी करने से भी इनकार कर दिया। जब उसने वजह जानने की कोशिश की तो कुछ नहीं बताया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

छानबीन में सामने आया कि प्रेमी राहुल की मथुरा में शादी तय हो गई है। उसकी नौ दिसंबर को बारात जाएगी। इसके बाद प्रेमिका ने उससे बात करने की कोशिश की तो आरोपी ने बात नहीं की। इस पर प्रेमिका ने हिम्मत जुटाई और सोच लिया कि अब वह किसी दूसरी युवती की जिंदगी खराब नहीं होने देगी। युवती पुलिस के पास पहुंच गई। प्रेमिका ने पुलिस को जानकारी दी कि राहुल के परिजनों को भी उनके रिश्ते के बारे में पता था। फिर भी उन्होंने बेटे का साथ देते हुए दूसरी जगह शादी तय कराई। इंस्पेक्टर न्यू आगरा विजय विक्रम सिंह के अनुसार राहुल वर्मा के खिलाफ दुराचार की धारा में मुकदमा लिखा गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

दूल्हे के जेल जाने से दुल्हन के घर में सन्नाटा

वहीं, दुल्हन पक्ष के लोगों को जब यह जानकारी मिली कि दूल्हा बारात लेकर नहीं आएगा, उसका किसी लड़की से अफेयर चल रहा था। उसने युवती को धोखा दिया तो उसने उसके खिलाफ दुराचार का मुकदमा लिखवा दिया है। पुलिस ने दूल्हे राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। इस पर दुल्हन पक्ष के लोग घबरा गए। उन्होंने पुलिस से संपर्क किया तो उन्हें पुलिस ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। इसके बाद दुल्हन के घर सन्नाटा पसर गया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article