आगरा

Student Kidnapping: आगरा में नकली इंस्पेक्टर के साथ बाप और दादी ने किया मासूम को किडनैप, सामने आया चौंकाने वाला सच

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 3, 2022, 03:35 PM IST

Agra Student Kidnapping Case: आगरा में फिल्मी अंदाज में यूकेजी में पढ़ने वाले चार साल के छात्र का अपहरण का मामला सामने आया है। गोपालपुरा के पास कार सवार बदमाशों ने स्कूल वैन को रोका और छात्र का अपहरण कर लिया। हालांकि भीड़ ने इंस्पेक्टर की वर्दी पहने एक आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में पति-पत्नी के विवाद का मामला निकला।

Image

पिढ़ौरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • आगरा में नकली इंस्पेक्टर के साथ बाप और दादी ने मासूम को किया अगवा
  • कार सवार बदमाशों ने स्कूल वैन को रोका और छात्र का अपहरण किया
  • भीड़ ने इंस्पेक्टर की वर्दी पहने एक आरोपी को दबोचा, मामला खुला

Agra Student Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश के आगरा के पिढ़ौरा इलाके में गोपालपुरा के समीप शुक्रवार को फिल्मी अंदाज में यूकेजी के चार साल के छात्र का अपहरण होने से हड़कंप मच गया। बदमाश कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने स्कूल वैन को रोक लिया। इस दौरान एक बदमाश ने इंस्पेक्टर की वर्दी पहनी थी। बदमाशों ने वैन चालक पर पिस्टल तानी और बच्चे को वैन से कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी बच्चे को कार में डालकर फरार होने लगे। इस पर वैन चालक ने शोर मचा गया। भीड़ ने घेराबंदी कर वर्दीधारी बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश नकली इंस्पेक्टर निकला। पूछताछ की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का निकला। पिता और दादी ने नकली इंस्पेक्टर के साथ मासूम का अपहरण कराया।

जानकारी के अनुसार गांव गुही (पिढ़ौरा) की रहने वाली विनीता सिंह की शादी पश्चिमपुरी (सिकंदरा) के नारायण विहार के रहने वाले गौरव सिकरवार के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन सब ठीक चला, धीरे-धीरे पति-पत्नी में विवाद होने लगा। विवाद के बाद विनीता ने पति का घर छोड़ दिया और मायके में रहने लगी।

पति-पत्नी के बीच चल रहा है विवाद

गौरव और विनीता का चार साल का एक बेटा रिदान सिंह है। पति गौरव सिकरवार ने बीटेक की हुई है। वह नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। चार साल का रिदान अपनी मां के साथ ही रहता है। रिदान गोपाल पुरा स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में यूकेजी कक्षा में पढ़ता है। शुक्रवार की सुबह वह वैन से स्कूल जा रहा था। उसी दौरान उसका अपहरण हो गया। उसके अपहरण की खबर स्कूल मालिक रणवीर सिंह ने पुलिस को दी। छात्र के अपहरण की खबर पर पुलिस ने जनपद में नाकाबंदी करा दी। हालांकि भीड़ ने एक फर्जी इंस्पेक्टर मौके पर ही दबोच लिया था।

आरोपियों ने अपहरण के लिए रेकी करवाई

पूछताछ करने पर फर्जी इंस्पेक्टर ने अपना नाम विवेक त्रिपाठी इंद्रानगर (कानपुर नगर) का बताया। फर्जी इंस्पेक्टर भी सॉफ्टवेयर इंजीरियर है। पुलिस ने पूछताछ के बाद रिदान को बरामद कर लिया। पुलिस ने विवेक के साथ उसके पिता गौरव सिकरवार और उसकी दादी वंदना सिकरवार को भी अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने जानकारी दी कि विवेक त्रिपाठी के पास एक रिवॉल्वर भी मिली है। रिवॉल्वर लाइसेंसी है। गौरव के पिता कप्तान सिंह के नाम रिवॉल्वर का लाइसेंस है। सीओ पिनाहट अमरदीप लाल के अनुसार, आरोपियों ने अपहरण के लिए रेकी भी करवाई थी। बाइक पर तीन लोग छात्र के पीछे उसके घर के पास दिखे थे। तीनों बाइक सवार आरोपियों को लगातार स्कूल वैन की लोकेशन दे रहे थे।

पुलिस ने अभी तक तीन आरोपियों को पकड़ाएसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा ने बताया कि पुलिस ने मामले में फिलहाल तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक कार, एक बाइक और 71,300 रुपये बरामद किए हैं। एक आरोपी पुलिस की वर्दी में पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ अपहरण, धोखाधड़ी और मारपीट की धारा के तहत केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पिता और दादी ने बच्चे को अगवा किया था। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article