नागपुर : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो साझा करने के मामले में नागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी देने और समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलाने का आरोप है।
इंस्टाग्राम पर दो वीडियो किए थे पोस्ट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें न केवल मंत्री गडकरी और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं थीं बल्कि अलग-अलग समुदायों के बीच सांप्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास भी किया गया था। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो की शिकायत अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित कुमार चौहान द्वारा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
जांच में पुलिस ने पाया कि ये वीडियो आयुष अग्रवाल नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया है जो कि नागपुर के हुड़केश्वर स्थित महालक्ष्मी नगर का निवासी है ,पुलिस ने तुरंत मामले में FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आपराधिक धमकी, शांति भंग करने, मानहानि और भड़काऊ सामग्री फैलाने जैसी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। धंतोली पुलिस ने बताया कि इस तरह से सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सुमितकुमार राकेशकुमार चौहान की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था, जो अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी होने का दावा करते हैं।
पुलिस ने बताया कि चौहान 18 अप्रैल को नागपुर आए थे और उन्होंने ’एसके चव्हाण’ नाम के एक यूजर द्वारा फेसबुक पर पोस्ट किया गया एक वीडियो देखा।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में नागपुर से लोकसभा सदस्य गडकरी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां थीं। चौहान ने बाद में पुलिस से संपर्क किया और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर धंतोली पुलिस ने अग्रवाल के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
