गुजरात के दाहोद में आयोजित ‘विजय विश्वास सभा’ में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले 30 वर्षों में भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर गुजरात को लूटा है और सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी समाज को हुआ है। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की जनता अब भाजपा के दमन के खिलाफ खड़ी हो चुकी है और आम आदमी पार्टी के साथ बदलाव लाने के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन से भाजपा घबरा गई है और रोजाना आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।
तीन दशक में गुजरात को नहीं मिले अच्छे स्कूल-केजरीवाल
उन्होंने कहा कि तीन दशक की सत्ता के बावजूद भाजपा सरकार अच्छे स्कूल, अस्पताल और किसानों के लिए सिंचाई का पर्याप्त पानी तक उपलब्ध नहीं करा पाई। उन्होंने दावा किया कि आदिवासी समाज के विकास के लिए हर साल अरबों रुपये भेजे जाते हैं, लेकिन यह पैसा भाजपा और कांग्रेस नेताओं की जेब में चला जाता है।
केजरीवाल ने मनरेगा में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के नाम पर फर्जी एंट्री कर पैसा निकाल लिया जाता है। इस घोटाले के खिलाफ आवाज उठाने वाले आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा को जेल भेज दिया गया, जबकि भ्रष्टाचार करने वाले मंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सभा में उन्होंने भाजपा सरकार पर ‘नल से जल’ योजना में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि अरबों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बच्चे विदेशों में पढ़ते हैं, जबकि आम लोगों के बच्चों के लिए अच्छे सरकारी स्कूल तक नहीं बनाए गए। केजरीवाल ने पंजाब सरकार के कामकाज का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां किसानों को खेती की बिजली मुफ्त मिलती है, फसल का भुगतान 24 घंटे के भीतर किया जाता है और 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात में सरकारी अस्पतालों की हालत खराब है, जहां न दवा मिलती है और न ही जरूरी जांच हो पाती है।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो पंजाब की तरह बिजली मुफ्त, बेहतर स्कूल, स्वास्थ्य बीमा और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं लागू की जाएंगी।
इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार ने चार साल में अपने अधिकांश वादे पूरे किए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में किसानों को दिन में बिजली मिलती है, फसल की खरीद तुरंत होती है और लोगों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। मान ने गुजरात की जनता से अपील की कि अगर भाजपा नेता पैसे देकर वोट मांगने आएं तो पैसा रख लें क्योंकि वह जनता का ही लूटा हुआ धन है, लेकिन वोट झाड़ू के निशान पर ही दें।
