आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने होर्मुज में तनाव के बीच अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोला है। साथ ही उन्होंने इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अमेरिकी हमलों में भारतीय नागरिकों की मौत हुई है और इसके लिए सीधे तौर पर ट्रंप जिम्मेदार हैं।
ट्रंप को बताया कायर और बेरहम हत्यारा
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि जिन भारतीयों की जान गई है,उसके लिए ट्रंप को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही भारत में एक मजबूत प्रधानमंत्री होगा,जो अमेरिका से हर अपमान और हत्या का बदला लेगा। उन्होंने ट्रंप को “कायर और बेरहम हत्यारा” बताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री मोदी इस पूरे मुद्दे पर चुप हैं।
उन्होंने दावा किया कि 8, 10 और 11 जून को भारतीय जहाजों पर हुए हमलों में 68 भारतीय सवार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई। केजरीवाल ने कहा कि इन घटनाओं के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ट्रंप ने प्रधानमंत्री को बधाई दी और मोदी ने जवाब में उनके साथ काम करने की इच्छा जताई,तब भारतीयों की मौत के मुद्दे को क्यों नहीं उठाया गया?
पीएम मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल
आप प्रमुख ने कहा कि देश के लोग इस घटना से आक्रोशित हैं और सरकार को भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा सम्मान के मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रंप यह न समझें कि यदि भारत का प्रधानमंत्री चुप है तो 140 करोड़ भारतीय भी चुप रहेंगे। केजरीवाल ने आगे कहा कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी सभ्यता और स्वाभिमान है तथा देश के लोग किसी भी अपमान को नहीं भूलते। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में भारत को ऐसा नेतृत्व मिलेगा जो देश के सम्मान और नागरिकों की सुरक्षा के मुद्दे पर मजबूती से खड़ा होगा।
मनीष सिसोदिया ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा
वहीं, आप के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भारतीय नागरिकों की मौत के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से कोई सख्त प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।उन्होंने कहा कि लोगों के बीच चर्चा है कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के खिलाफ खुलकर बोलने से बच रहे हैं। सिसोदिया ने केंद्र सरकार से भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
