मौसम ऊटपटांगा : जी हां, इन दिनों मौसम ऊट-पटांग हो रखा है। मैदानी इलाकों में अभी से ही यानी मार्च की शुरुआत में ही भीषण गर्मी पड़ने लगी है। यहां गर्मी का ये हाल है कि दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के कुछ इलाकों में अप्रैल अंत और मई जैसी गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इधर मौसम विभाग मैदानी इलाकों में लगातार तापमान में बढ़ोतरी की चेतावनी दे रहा है, और उधर पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट भी जारी कर रहा है। पहाड़ों में बारिश के साथ बर्फबारी से मौसम अब भी सिर्फ ठंडा नहीं है, बल्कि ठिठुरन वाला बना हुआ है।
आज यानी मंगलवार 10 मार्च से 15 मार्च के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के कई रूप देखने को मिलेंगे। एक तरफ बारिश और बर्फबारी के साथ ही थंडरस्टॉर्म का खतरा है, तो दूसरी तरफ लू यानी हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस तरह आज सहित आने वाले 6 दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में देशभर में कई वेदर सिस्टम यहां के मौसम को प्रभावित करेंगे।
मौसम इतना ऊटपटांग क्यों है?
IMD के अनुसार इस समय कई वायुमंडलीय दबाव एक साथ सक्रिय हैं, जिनका असर देख के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग तरह से देखने को मिल रहा है। देश में अगले कुछ दिनों में कहीं बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ इलाकों में प्रचंड गर्मी का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी बांग्लादेश और पूर्वोत्तर असम के ऊपर दो ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन्स) सक्रिय हैं। इसके साथ ही एक ट्रफ लाइन बिहार से मराठवाड़ा तक और दूसरी दक्षिण तमिलनाडु से तटीय कर्नाटक तक फैली हुई है।
अगले 6 दिन कहां होगी बारिश और बर्फबारी
यही नहीं मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की चलते हिमालयी क्षेत्रों के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। इन सिस्टमों के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जतायी गई है। जम्मू-कश्मीर में 12 मार्च तक हल्की बारिश के साथ ही बर्फबारी भी हो सकती है और यह व्यापक रूप भी ले सकती है। यानी बारिश और बर्फबारी का दायरा बढ़ सकता है। हालांकि, 13 से 15 मार्च के बीच इसकी तीव्रता कुछ स्थानों तक ही सीमित रह सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?
आगामी 15 मार्च तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ ही बर्फबारी की भी संभावना है। इसी दौरान 12 मार्च तक जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में कल यानी बुधवार 11 मार्च से रविवार 15 मार्च तक गरज-चमक से साथ ही 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यहां आज और कल भारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार 10 मार्च और कल बुधवार 11 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। यही नहीं आज कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में कल यानी बुधवार 11 मार्च और 12 मार्च को ओलावृष्टि की आशंका है।
बिहार-झारखंड और पूर्वोत्तर के मौसम का हाल
उधर पूर्वी और उत्तर पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम संबंधी ऐसी ही गतिविधियां देखने को मिलेंगी। ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बुधवार 11 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश व तेज हवाएं चल सकती हैं। उधर असम और अरुणाचल प्रदेश में भी 15 मार्च तक बारिश के साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है।
पश्चिमी भारत में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिमी भारत का मौसम बिल्कुल उलट रहने की संभावना है। पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी और भी तेजी से बढ़ने की आशंका है। राजस्थान, गुजरात, विदर्भ के कुछ इलाकों में कल यानी बुधवार 11 मार्च तक लू जैसे हालात बन सकते हैं। महाराष्ट्र और तटीय गुजरात के कुछ हिस्सों में इस दौरान उमस भरा मौसम रहने की पूरी संभावना है। उत्तर-पश्चिमी भारत के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 4-7 डिग्री अधिक रह सकता है। हालांकि, इसके बाद तापमान में कुछ गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
मौसम संबंधी जानकारी रखने वाले विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और क्षेत्रीय परिसंचरण के चलते देशभर में मौसम का पैटर्न ऊट-पटांग बना हुआ है। एक तरफ जहां पहाड़ों में ठिठुरन वाली ठंड बनी हुई है, तो वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और पश्चिमी भारत में हीट वेव से लोग बेहाल हैं।
