शहर

आप दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का इंतजार करते रह गए, NHAI ने बना दिया देहरादून पहुंचाने वाला ये नया 4 लेन हाईवे

आप दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन NHAI ने देहरादून पहुंचाने वाले एक दूसरे ही 4 लेन हाईवे का काम तेजी से लगभग पूरा (95 फीसद तक) कर दिया है। चलिए जानते हैं इस हाईवे के बारे में और उसकी प्रोग्रेस के बारे में -

Image

NHAI ने इस 4 लेन हाईवे का काम 95 फीसद तक पूरा किया

Photo : Twitter

आप दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने का इंतजार करते रह गए और NHAI ने देहरादून तक पहुंचाने वाले एक दूसरे 4 लेन हाईवे का काम लगभग पूरा कर लिया है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले दो से तीन महीने में इस 4 लेन हाईवे का काम पूरा हो जाएगा और मानसून आने से पहले काम पूरा होने के साथ ही इसे आम जनता के लिए खोल भी दिया जाएगा। हालांकि, अब भी यह फोर लेन हाईवे आम जनता के लिए खुला हुआ है। कुछ जगहों पर काम बचा है। खासतौर पर हाईवे की शुरुआत और अंतिम छोर पर। इस 4 लेन हाईवे पर अगर आप अभी सफर करते हैं तो आपकी गाड़ी मक्खन की तरह इस हाईवे पर फर्राटा मारते हुए महसूस होगी। चलिए जानते हैं इस हाईवे के बारे में -

कौन सा है ये 4 लेन हाईवे

जिस 4 लेन हाईवे की हम यहां बात कर रहे हैं, वह देहरादून-पोंटा साहिब 4 लेन हाईवे है। इस हाईवे का काम 95 फीसद तक पूरा हो चुका है। अभी देहरादून और पोंटा साहिब के बीच दो हाइवे हैं और दोनों ही सिर्फ 2-2 लेन के हाईवे हैं। इसमें पहला NH-7 है और दूसरा चकराता रोड। इन दोनों ही हाईवे पर अभी ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। इसी लिए NHAI उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और हिमाचल के प्रमुख सिख तीर्थ पोंटा साहिब को जोड़ने के लिए देहरादून-पोंटा साहिब हाईवे का निर्माण कर रही है।

कितना लंबा है ये 4 लेन हाईवे

देहरादून-पोंटा साहिब हाईवे की पूरी लंबाई करीब 45 किमी है। इस हाईवे का कुछ हिस्सा ब्राउन फील्ड है, जबकि काफी हिस्सा पूरी तरह से ग्रीन फील्ड है। इसमें ब्राउन फील्ड का मतलब पुरानी रोड को ही अपग्रेड करने से है, जबकि ग्रीन फील्ड का मतलब बिल्कुल नए इलाके से निकलने वाली सड़क से है। पोंटा साहिब से देहरादून पहुंचाने वाले इस 4 लेन हाईवे का काम दो सिविल पैकेजेस में किया जा रहा है। जिसमें पहला पैकेज करीब 18.7 किमी लंबा है और यह पोंटा साहिब से मेदिनीपुर तक है। जबकि दूसरा पैकेज मेदिनीपुर से देहरादून में बल्लूपुर तक है, जिसकी लंबाई 26.1 किमी लंबी है।

dehradun paonta Sahib 4 Lane highway

देहरादून-पोंटा साहिब हाइवे का एक प्रमुख गोल चक्कर

4 लेन हाईवे की प्रोग्रेस क्या है?

अगर देहरादून-पोंटा साहिब 4 लेन हाईवे पर देहरादून की तरफ से शुरुआत करें तो इसकी शुरुआत प्रेमनगर से होती है। यहां शुरुआत में ही फ्लाईओवर पर काम किया जा रहा है। फ्लाईओवर के अप्रोच रोड के लिए अर्थवर्क का काम लगभग पूरा हो चुका है। बता दें कि यह फ्लाईओवर पोंटा साहिब से आने वाले ट्रैफिक के लिए बनाया जा रहा है। शुरुआत में सर्विस रोड का काम भी अभी बचा हुआ है। हाईवे के ज्यादातर हिस्से पर रोड मार्किंग तक का काम पूरा है और सर्विस रोड का काम भी पूरा हो चुका है।

paonta Sahib Yamuna Bridge

पोंटा साहिब के पास यमुना नदी पर बना नया पुल

प्रेम नगर से आगे बढ़ने पर कुछ ही दूरी पर इस 4 लेन हाईवे का पहला राउंड अबाउट आता है, जहां से संभव है कि मसूरी के लिए निकलने वाले बाईपास की शुरुआत होगी। यहां से कुछ ही दूरी पर दूसरा राउंड अबाउट है, जहां से एक नया हाईवे बनाया जा रहा है, जो इस 4 लेन हाईवे को दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ेगा। पोंटा साहिब की तरफ कैनाल के ऊपर बनाए जा रहे पुल का काम पूरा हो चुका है और यमुना नदी पर बना पुल भी पूरी तरह से तैयार है। हालांकि, पुल को अभी ट्रैफिक के लिए नहीं खोला गया है। ब्रिज के दूसरे हिस्से पर अभी काम चल रहा है। उसके बाद कुछ अर्थवर्क का काम हो रहा है। कुल मिलाकर यह 4 लेन हाईवे लगभग तैयार है और उम्मीद है कि इसी साल मानसून से पहले इसे आम जनता के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा।

नोट - यह सभी जानकारी इंफ्रा व्लॉगर मोहित कुमार के X सोशल मीडिया हैंडल x.com/DetoxTravellerr और उनके यूट्यूब से ली गई है। सभी तस्वीरें से भी उनके X हैंडल से ली गई हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article