Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है। कहीं भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और तेज आंधी का मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में तूफान और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। शाम तक गरज-चमक की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अगले दो दिन दिल्ली में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम मौसम साफ रहने वाला है और दिन में तेज धूप भी खिली रहेगी। यूपी में आज कहीं भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग ने 12 से 14 मई तक कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अलीगढ़, मेरठ, नोएडा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बदायूं, सिद्धार्थनगर, हरदोई, गोंडा और प्रयागराज समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है। वहीं प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में आज का मौसम
बिहार में आज मिलाजुला मौसम रहने वाला है। कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, तो कहीं-कहीं मौसम साफ रहने से तेज गर्मी परेशान कर सकती है। प्रदेश में 15 मई तक बारिश और तेज आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान पटना से लेकर गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज तक कई जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। पटना में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड-हिमाचल में आज का मौसम
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर लगातार जारी है। यहां 14 मई तक कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, शिमला, कुल्लू और मंडी जैसे जिलों में 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में आज बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब में भी आज बारिश और आंधी की संभावना है। राजस्थान में कहीं बारिश तो कहीं लू की संभावना जताई गई है। वहीं मध्य प्रदेश में फिलहाल बारिश का सिलसिला थम गया है। लेकिन रतलाम, ग्वालियर, सागर और सतना समेत कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। आज भोपाल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
