Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में आज फिर कुदरत के दो अलग-अलग रंग एक साथ देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां सूरज की तपिश और लू (Heat Wave) से लोग बेहाल हैं, वहीं दूसरी ओर बेमौसम बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज, 10 मई के लिए राज्य के 14 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
कोंकण और उत्तर महाराष्ट्र में भीषण गर्मी (Konkan Mumbai Heatwave)
कोंकण तट के इलाकों, जिनमें मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी शामिल हैं, वहां गर्मी और उमस का प्रकोप जारी रहेगा। दोपहर के समय तापमान में भारी बढ़ोत्तरी की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें। वहीं, उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव, धुले और नंदुरबार में मौसम पूरी तरह शुष्क और गर्म रहेगा। यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे लोगों को केवल भीषण लू का सामना करना पड़ेगा।
मराठवाड़ा-विदर्भ में बारिश का अलर्ट (Marathwada Vidarbha Thunderstorm Alert)
एक तरफ जहां कोंकण तप रहा है, वहीं मराठवाड़ा और विदर्भ के जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मराठवाड़ा इलाके के लातूर, धराशिव और नांदेड़ जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं विदर्भ की बात करें तो अकोला, अमरावती, नागपुर और यवतमाल जिलों में अचानक बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोल्हापुर, बीड, सिंधुदुर्ग और हिंगोली में भी स्थानीय परिस्थितियों के कारण हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद जताई गई है।
किसानों और नागरिकों के लिए जरूरी निर्देश
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने किसानों और नागरिकों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं। बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने या बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। बेमौसम बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने पर जोर दिया गया है। हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए अधिक पानी पीने और सूती कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है।
बता दें कि मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून से पहले की बारिश (Pre Monsoon Rain) के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं, जिससे अगले 24 घंटों में राज्य के तापमान में और भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
