आज का मौसम (30 April 2026 Aaj Ka Mausam): भीषण गर्मी से जूझ रहे देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम ने अचानक राहत भरा रुख अपनाया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड समेत भारत के कई राज्यों में बारिश का नया दौर शुरू हो गया है। बुधवार को कई जगहों पर झमाझम बारिश हुई, साथ हीं कहीं-कहीं तेज आंधी भी चली। बारिश ने एक ओर लोगों को गर्मी से बड़ी राहत पहुंचाई, तो वहीं आंधी-तूफान ने तबाही मचाई। फिलहाल कुछ दिन मौसम का मिजाज यू हीं बिगड़ा हुआ रहने वाला है। आज भी देश के 10 से अधिक जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिससे उत्तर भारत सहित कई राज्यों में तापमान में गिरावट आने के आसार है। बारिश के साथ-साथ आज बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं मध्य और दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां भी तेज हो गई हैं, जिससे आगामी दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
दिल्ली में दिनभर चलेंगी तेज हवाएं, बारिश के भी आसार
देश की राजधानी की बात करें तो दिल्ली और एनसीआर के क्षेत्रों में आज यानी 30 अप्रैल को दिनभर तेज हवाएं चलने की संभावना है और बादल भी आसमान में छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रह सकता है। हालांकि 1 और 2 मई से मौसम फिर साफ होने लगेगा और तेज धूप निकलने से तापमान में फिर से बढ़ोत्तरी देकने को मिल सकती है। 2 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजधानी में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।
यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में भी बारिश के आगमन से गर्मी से बड़ी राहत मिली है। यहां कई जिलों में तापमान 45 डिग्री पार पहुंच गया था। लेकिन नए वेदर सिस्टम के प्रभाव से मौसम बदल गया है। आज यूपी में गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराग, सोनभद्र, अमेठी और अलीगढ़ समेत कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है। यूपी की राजधानी लखनऊ में भी आज बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
बिहार के सभी जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट (Bihar Ka Mausam)
बिहार में आज सभी जिलों में मौसम बिगड़ा रहेगा। IMD ने सभी 38 जिलों में आज आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है और बाकी में येलो अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही ठनका गिरने की भी चेतावनी दी गई है। बारिश के कारण सूरज की तपिश से राहत मिल सकती है। लेकिन बारिश के बाद उमस परेशान कर सकती है।
राजस्थान में बारिश से तापमान में गिरावट
राजस्थान में भी बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। नए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के कारण यहां अगले 304 दिन मौसम बदला रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चलने की भी आशंका है। बारिश के कारण तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
MP में कहीं बारिश कहीं तेज गर्मी
मध्य प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं, एक ओर भीषण गर्मी पड़ रही है तो दूसरी ओर बारिश ने एंट्री ले ली है। मौसम विभाग ने आज विदिशा, रतलाम, रायसेन, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, श्योपुर, दमोह, सागर और सतना समेत कई जिलों में तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। वहीं दतिया, ग्वालियर, रीवा, भिंड, सिंगरौली और पूर्वी व उत्तरी इलाकों में आज बारिश के आसार हैं। साथ ही तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी अलर्ट है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 4-5 दिन यहां बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले गिरने और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है। जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पंजाब-हरियाणा में सताएगी भीषण गर्मी
पंजाब और हरियाणा में गर्मी अभी भी चुनौती बनी हुई है, यहां तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है। वहीं रात के समय पारा 25 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है, जिसके कारण रात को भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वहीं महाराष्ट्र और गुजरात में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। यहां समुद्र के करीबी इलाकों में नमी के चलते अधिक उमस महसूस होगी। वहीं मुंबई और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में बादल छाने और छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं।
उत्तर से दक्षिण भारत तक बिगड़ा मौसम का मिजाज
उत्तर और मध्य भारत के साथ ही दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआहै। खासतौर से यहां तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने का भी अलर्ट है। आज नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णागिरी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं कल यानी 1 मई को तमिलनाडु के इरोड, तिरुप्पुर, दिंडीगुल, नीलगिरि, कोयंबटूर और थेनी में तेज बारिश का अलर्ट है।
