शहर

Aaj Ka Mausam: मानसून फिर दिखाएगा अपना असर, दिल्ली से यूपी-बिहार और राजस्थान तक बदलेगा मौसम का मिजाज; कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट

Aaj Ka Mausam 12 September 2026: मानसून के बदले तेवर से देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने वाला है। दिल्ली से लेकर यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर तक बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट मौसम संबंधी मुश्किलें बढ़ा सकता है।

Image

आज का मौसम (फोटो- Meta AI)

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान से लेकर मध्य भारत व पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम करवट लेगा और कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिलेगी। दक्षिण भारत के भी कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वेदर सिस्टम की बात करें तो समुद्र तल पर मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बना हुआ है, जबकि इसका पूर्वी सिरा सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसका हुआ है।

वहीं, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिमी से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान यह सिस्टम और अधिक प्रभावी हो सकता है तथा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा की ओर बढ़ेगा। इसके अलावा, निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर एक ट्रफ उत्तर राजस्थान से होते हुए बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) तक फैला हुआ है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से लेकर मन्नार की खाड़ी तक बनी ट्रफ भी लगातार सक्रिय है। मध्य क्षोभमंडलीय स्तर पर दक्षिण कोंकण के तट से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर में भी ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इसी बीच, उत्तर पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तर पंजाब और आसपास के इलाकों में स्थित है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में आज का मौसम

दिल्ली में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना रहेगी। सुबह तड़के से दोपहर तक कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली की भी संभावना रहेगी। इसके बाद दोपहर से शाम के बीच एक बार फिर बहुत हल्की से हल्की बारिश का दौर आ सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है। सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। दोपहर में हवा की गति घटकर करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी, जबकि शाम और रात के दौरान दक्षिण-पूर्वी हवाओं की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा?

आज उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना रहेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 से 17 सितंबर तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 17 सितंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, 12 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना रहेगी। खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके अलावा, पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में 12 सितंबर से आगे भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर

बिहार में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को भी गंभीर बनी रही तथा गंगा और उसकी सहायक नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर रहीं जिससे तटबंधों में कटाव और टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। अधिकारियों के अनुसार राज्य के 15 जिलों में 47.33 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं। भागलपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, कटिहार, पूर्णिया और बक्सर सबसे अधिक प्रभावित जिल हैं। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, सितंबर में अब तक राज्य में 90.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक है। गंडक नदी डुमरिया घाट, कोसी बलतरा और कुर्सेला में, बूढ़ी गंडक नदी खगड़िया, गंगा दीघा, गांधी घाट, हथीदह, भागलपुर, कहलगांव और मुंगेर में, पुनपुन नदी श्रीपालपुर, बागमती बेनीबाद में तथा घाघरा नदी दरौली और गंगपुर सिसवन में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राज्य में आज भारी बारिश की संभावना सीमित इलाकों तक रह सकती है, जबकि 16 और 17 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है।

राजस्थान में आज के मौसम का हाल

मौसम विभाग का कहना है कि, राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश होने की संभावना रहेगी। पश्चिमी राजस्थान में 12 से 17 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, जबकि पूर्वी राजस्थान में 12 और 13 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 17 सितंबर को भी पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार रहेंगे। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 12 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। 12 से 16 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। ऐसे में आज राजस्थान के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ मौसम सुहावना हो सकता है, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिलेगा।

मध्य प्रदेश में क्या बारिश होगी?

पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 12 से 14 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है, जबकि 15 से 17 सितंबर के दौरान इन क्षेत्रों में बारिश का दायरा घटकर कुछ स्थानों तक सीमित हो सकता है। छत्तीसगढ़ में 12 से 15 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने के बाद 16 और 17 सितंबर को कुछ इलाकों में हल्की से छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसी दिन छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 और 14 सितंबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है। 12 से 15 सितंबर के बीच मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं, जबकि विदर्भ में 13 सितंबर को ऐसी स्थिति बन सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में जारी रहेगा बारिश का दौर

पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो, यहां अरुणाचल प्रदेश में 12 से 17 सितंबर तक कई स्थानों पर हल्की से व्यापक बारिश होने की संभावना रहेगी। असम और मेघालय में 12 सितंबर को कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 15 से 17 सितंबर के बीच भी व्यापक बारिश के आसार हैं। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 से 14 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि 15 से 17 सितंबर के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश में 12 से 16 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। असम और मेघालय में 12 से 14 सितंबर तथा 16 से 17 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 और 13 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय में 12 से 15 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं।

दक्षिण भारत में ऐसा रहेगा मौसम

दक्षिण भारत में 12 सितंबर के बाद भी कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है। रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 12 से 17 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 12 से 16 सितंबर तक बारिश के आसार रहेंगे, जबकि 17 सितंबर को यहां कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। तटीय कर्नाटक में 12 से 17 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा तेलंगाना में 12 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने के बाद 13 से 17 सितंबर के दौरान भी कुछ स्थानों पर वर्षा देखने को मिल सकती है। लक्षद्वीप में भी 12 से 17 सितंबर के बीच व्यापक बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 12 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा, 12 से 15 सितंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 13-14 सितंबर को हवा की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों के दौरान गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article