गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। खासकर, महिलाओं और बेटियों के खिलाफ बढ़ते आपराधिक मामले सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं। कई ऐसे ताजे मामले सामने आये हैं, जिनमें मासूम बच्चियों को शिकार बनाया जा रहा है, जो शर्मसार करने वाले हैं। इसी प्रकार से गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ विहार सेक्टर-7 से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। यहां दो साल की एक मासूम बच्ची के साथ 60 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा दरिंदगी का आरोप है। इस घटना से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
हिरासत में आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी की मानसिकता को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है कि आखिर उसने ऐसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को जान से मारने की धमकी, 'अबू मुस्तफा' नाम के अकाउंट से आया धमकी भरा पोस्ट, शुरु हुई हाई लेवल जांच
ACP ने दी जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। एसीपी कोतवाली, उपासना पांडेय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार और मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिससे परिजनों में चिंता और दुख का माहौल है।
