देश

ट्रेन में नहीं मिल रहा कन्फर्म टिकट? दिल्ली से बिहार के लिए 27 नवंबर से नई बस सेवा, जानें रूट और किराया

दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए 27 नवंबर से अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू होगी। इसके तहत 14 रूटों पर 77 बसें चलाई जाएंगी। यात्रियों को एसी स्लीपर और नॉन-एसी सीटर का विकल्प मिलेगा।

Image

दिल्ली से बिहार के बीच 27 नवंबर से शुरू होगी नई बस सेवा (सांकेतिक फोटो)

Delhi Bihar Bus Service: दिल्ली से बिहार जाने की तैयारी कर रहे हैं और ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है? तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। अब ट्रेन और प्लेन के अलावा बस से भी बिहार पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलने जा रहा है, जिसका किराया भी आपके बजट पर बोझ नहीं बनेगा। दरअसल 27 नवंबर से दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू होने जा रही है। इसके तहत 14 रूटों पर कुल 77 बसें चलाई जाएंगी। यात्रियों को एसी स्लीपर और नॉन-एसी सीटर बसों का विकल्प मिलेगा। इससे बिहार जाने वाले लोगों को खासतौर पर त्योहारों और व्यस्त समय में ट्रेन टिकट की मारामारी के बीच यात्रा का एक और बेहतर विकल्प मिल सकेगा। अगर आप भी बिहार जाने का प्लान बना रहे हैं, तो जानिए किन शहरों के लिए बस मिलेगी और टिकट का किराया कितना होगा।

दिल्ली और बिहार सरकार के बीच समझौता

हिंदुस्तान में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली और बिहार सरकार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने को लेकर समझौता हुआ है। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह सेवा पहले छठ पूजा से पहले शुरू होने वाली थी, लेकिन कुछ कारणों से इसमें देरी हो गई। अब 27 नवंबर से ये बसें सड़कों पर रफ्तार भरने लगेंगी।

बिहार के इन 14 शहरों तक पहुंचेंगी बसें

दिल्ली से बिहार के 14 शहरों और कस्बों को इस बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, मोतिहारी और लौकहा शामिल हैं। शुरुआत में 77 बसें चलाई जाएंगी। हालांकि, यात्रियों की मांग और जरूरत के अनुसार आने वाले समय में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। बसों का संचालन निजी ऑपरेटर करेंगे, जबकि परिवहन विभाग सेवा की निगरानी करेगा, ताकि सुरक्षा और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

दिल्ली से बिहार का बस किराया कितना होगा?

हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग रूट पर नॉन-एसी सीटर और एसी स्लीपर बसों का किराया नीचे दिया गया है:

रूटनॉन-एसी सीटर (रुपये)एसी स्लीपर (रुपये)
दिल्ली-पटना1,6152,919
दिल्ली-मुजफ्फरपुर1,4702,717
दिल्ली-दरभंगा1,5922,866
दिल्ली-गया1,5552,784
दिल्ली-सिवान1,2762,467
दिल्ली-भागलपुर1,9173,256
दिल्ली-पूर्णिया2,0183,383

सरकारी निगरानी में चलेंगी निजी बसें

इस बस सेवा का संचालन निजी बसों के जरिए किया जाएगा, लेकिन परिवहन विभाग इसकी निगरानी करेगा। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा और बस संचालन से जुड़े मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

नई बस सेवा से उन यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें खासतौर पर व्यस्त समय में बिहार जाने के लिए ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता। यात्रा से पहले यात्रियों को बसों का समय, टिकट बुकिंग और उपलब्धता से जुड़ी आधिकारिक जानकारी जरूर जांचने की सलाह दी गई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article