शहर

Budaun News: गैस सिलेंडर में आग लगने से जिंदा जले पिता-दो बच्चे, ऐसे हुआ हादसा

यूपी बदायूं के उझानी कस्बे में गैस सिलेंडर में आग लगने से पिता समेत 2 मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। उनकी पत्नी और वृद्ध मां आंशिक रूप से झुलस गईं हैं।

Image

सिलिंडर में आग लगने से जिंदा जले पिता-दो मासूम

Photo : Twitter

बदायूं: उझानी कस्बे के मोहल्ला गद्दी टोला में गुरुवार की गैस सिलेंडर में आग लगने से पिता समेत 2 मासूम बच्चे जिंदा जल गए। आग से 35 वर्षीय सुखपाल मौर्य और उनके बेटे गोपाल मौर्य 8 साल व यश 5 साल की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और वृद्ध मां झुलस गईं। बताया जा रहा है कि मकान के दूसरी मंजिल के कमरे का सारा सामान भी जल गया। नीचे रह रहे परिवार वालों ने जैसे-तैसे आग बुझाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दरअसल, गद्दी टोला में मोहल्ला में रह रहे सुखपाल के बड़े भाई भूप सिंह ने बताया कि मकान में दूसरी मंजिल पर उनके छोटे भाई सुखपाल का परिवार रहता है, जबकि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नीचे के पोर्सन पर रहते हैं। बताया कि गुरुवार रात करीब आठ बजे के आसपास उनके भाई के कमरे में गैस सिलिंडर पर खाना बन रहा था। उस दौरान कमरे में भाई सुखपाल, उनका बेटा गोपाल व यश और पत्नी त्रिवेणी के पास ढाई माह के बेटा लकी मौजूद था, जबकि उनकी 13 वर्षीय बेटी ज्योति नीचे मकान में आई हुई थी।

कमरे में फंस गए पिता और 2 बच्चे

इसी दरम्यान अचानक उनके भाई की पत्नी बेटे को लेकर शोर मचाते हुए नीचे भागती हुई आईं। उन्होंने गैस सिलिंडर से आग लगने की बात बताई। सभी लोग दौड़कर ऊपर पहुंच गए, लेकिन सिलिंडर में आग लगने के बाद भाई और उनके दोनों बेटे कमरे में फंस गए थे, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह बचकर नीचे आ गईं। हालांकि, भाई ने सिलिंडर को बाहर निकालने की कोशिश की थी, लेकिन सिलिंडर कमरे के दरवाजे पर आकर अटक गया।

इससे पहले कुछ हो पाता कि आग कमरे में पूरी तरह फैल चुकी थी, जिसमें जलकर भाई और उनके दोनों बेटों की मौत हो गई। वहीं, त्रिवेणी और उनकी मां सोमवती आग बुझाने के दौरान झुलस गईं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। घटना की सूचना पाकर देर रात एसडीएम एसपी वर्मा और सीओ शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल, फोरेंसिक टीम भी मौके पर बुला ली गई। कोतवाली पुलिस आग लगने के कारणों की छानबीन कर रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article