शहर

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 15 साल बाद निकली अगस्त्य ऋषि डोली हुई नाराज, लोगों का प्रशासन पर गुस्सा फूटा

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 15 साल बाद अगस्त्य ऋषि की विग्रह डोली भ्रमण के लिए निकली, लेकिन अगस्त्यमुनि मैदान में गेट लगा होने से डोली नाराज हो गई। श्रद्धालुओं ने गेट तोड़ने की कोशिश की, जिससे उनकी प्रशासन के साथ जमकर कहा-सुनी हुई। दरअसल सरकार की तरफ से यहां पर स्टेडियम बनाया जा रहा है।

Image

रुद्रप्रयाग में अगस्त्य ऋषि डोली भ्रमण के दौरान हंगामा

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में आज यानी गुरुवार 15 जनवरी को प्रशासन और आम जनता आमने-सामने आ गए। यहां अगस्त्यमुनि मैदान में सरकार की तरफ से स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। स्थानीय लोग यहां स्टेडियम बनाए जाने का लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। कई लोग इसके खिलाफ धरने पर भी बैठे हैं। आज स्थानीय लोगों ने यहां हथोड़ा और अन्य औजार लेकर मैदान के बाहर बने गेट के आर्च को तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस प्रशासन और आम लोगों के बीच जमकर विवाद हुआ।

दरअसल मकर संक्रांति के पावन अवसर पर केदारनाथ हाईवे पर स्थित अगस्त्यमुनि में अगस्त्य ऋषि की डोली के साथ सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। डोली को मंदिर से रवाना होकर अगस्त्य ऋषि के मैदान अगस्त्यमुनि जाना है। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु वहां पर डोली का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन मैदान का गेट ऊपर से बंद होने (आर्क होने) के कारण डोली अंदर प्रवेश नहीं कर पा रही है।

इस पर लोगों ने गेट के ऊपर बने आर्क को स्वयं ही तोड़ना शुरू कर दिया, जिसको लेकर उनकी प्रशासन के साथ झड़प हुई। प्रशासन की तरफ से तोड़फोड़ की इस कार्रवाई को रोकने की कोशिश की जा रही है। लोगों का कहना है कि यह उनकी आस्था का मामला है, लेकिन सरकार की तरफ से उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।

डोली समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि 15 साल बाद अगस्त्य ऋषि की डोली यात्रा का आयोजन किया गया है। इसको लेकर प्रशासन को पहले से ही सूचना दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। सरकार अगस्त्यमुनि मैदान में स्टेडियम बना रहा है, स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे है। उनका कहना है कि यह भूमि अगस्त्य ऋषि के मंदिर की है और प्रशासन अवैध रूप से यहां पर निर्माण कर रहा है।

कल यानी बुधवार 14 जनवरी को भी डोली यहां पहुंची थी, लेकिन गेट की वजह से डोली अंदर नहीं जा सकी। मैदान में गेट लगा होने के कारण डोली नाराज होकर लौट गई। लोग डोली को मनाने के लिए जुटे, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बाद में नाराज होकर डोली वापस मंदिर में लौट गई। स्थानीय लोग लगातार डीएम के संपर्क में हैं और वह पुलिस प्रशासन व एसडीएम पर मामले को ठीक तरीके से हैंडल नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article