Gadchiroli Naxal Operations: महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में बुधवार को पांच टॉप नक्सलियों सहित 11 नक्सलियों ने सरेंडर किया। इन नक्सलियों पर कुल 68 लाख रुपये का ईनाम था। सरेंडर करने वालों में पांच टॉप नक्सली भी शामिल हैं। इनमें एक डिविजनल कमांडर (DVCM), एक एरिया कमेटी सचिव, एक पीपुल्स पार्टी कमेटी सदस्य (PPCM), एक कमांडर और एक एरिया कमेटी सदस्य है।
अब तक कितने नक्सलियों ने किया सरेंडर
गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार ने इन पर कुल मिलाकर 68 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बयान में बताया गया कि साल 2025 से अब तक जिले में 123 सशस्त्र माओवादी सरेंडर कर चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, जिले में वामपंथी उग्रवाद अब लगभग खत्म होने की कगार पर है।
गढ़चिरौली में कितने नक्सलियों ने किया सरेंडर?
पहले गढ़चिरौली के सभी 10 उप-विभागों में सक्रिय रहे नक्सली अब केवल भामरागढ़ उप-विभाग के सीमावर्ती इलाकों तक सीमित रह गए हैं। अब तक गढ़चिरौली में कुल 794 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
छत्तीसगढ़ में 108 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
इससे पहले, छत्तीसगढ़ से 108 नक्सलियों के आत्मसमर्पण करने की खबर सामने आई थी। नक्सलवाद के खिलाफ जारी लड़ाई में छत्तीसगढ़ को तब बड़ी सफलता मिली जब मार्च के दूसरे सप्ताह में 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इन सभी नक्सलियों पर कुल मिलाकर 3.95 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
बीजापुर से 37, दंतेवाड़ा से 30, सुकमा से 18, बस्तर से 16, नारायणपुर से चार और कांकेर से तीन माओवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष अपने हथियार डाल दिए। अधिकारियों ने बताया था कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में छह मंडल कमांडर भी शामिल थे, जिनमें से प्रत्येक पर आठ लाख रुपये का इनाम रखा गया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा निर्धारित की है।
