Chandigarh Crime: पति बना प्रेम में रुकावट तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या, ऐसे खुला पूरा राज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 2, 2022, 05:42 PM IST

Chandigarh Crime: डेराबस्‍सी में रेलवे लाइन के नजदीक मिले शव के मामले को जीआरपी ने सुलझा लिया है। यह हत्‍या मृतक की पत्‍नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस मृतक की जेब में मिली एक पर्ची के सहारे उसकी पहचान कर आरोपियों तक पहुंची।

Chandigarh Crime: पति बना प्रेम में रुकावट तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या, ऐसे खुला पूरा राज
Photo Credit: Representative Image

Chandigarh Crime: डेराबस्सी में रेलवे लाइन के नजदीक 29 जून को मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव मामले को जीआरपी ने सुलझा लिया है। इस मामले का चौकाने वाला खुलासा करते हुए जीआरपी ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। इस ब्‍लाइंड केस में आरोपियों तक जीआरपी एक पर्ची के सहारे पहुंची। मृतक की पहचान सहदेव निवासी चांदपुर जिला बिजनौर यूपी के रूप में की गई है, जो यहां मकान नंबर-782 जीपी काम्पलेक्स गांव सैदपुर डेराबस्सी में रहता था।

एडीजीपी रेलवे एमएफ फारूकी ने बताया कि 29 जून को डेराबस्सी में रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआत में यह केस जीआरपी के लिए पूरी तरह से ब्‍लाइंड केस था। मामले की जांच करने पर मृतक के शरीर पर गहरे घाव के निशान पाए गए, इसलिए शक के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ आइपीसी की धारा 302, 201, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मृतक की जेब से एक पर्ची मिली थी। जिसने जीआरपी की जांच टीम को एक फैक्ट्री तक पहुंचाया। वहां पर लोगों को मृतक का फोटो दिखाने और पूछताछ करने पर मृतक की पहचान हो सकी। जिसके बाद जीआरपी टीम ने केस की गंभीरता से जांच शुरू की।

पति था पत्‍नी से उम्र में बड़ा, इसलिए करती थी नपसंद

जीआरपी ने मृतक की पत्नी ममता से जब इस मामले में पूछताछ शुरू की तो पहले उसने बताया कि वो गायब है और उसे वह खुद ढूंढ रही है। हालांकि सख्‍ती बरतने के बाद उसने कबूल किया कि उसने और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की हत्‍या की है। उसने बताया कि उसका पति सहदेव उससे उम्र में काफी बड़ा था, इसलिए वह उसे पसंद नहीं करती थी। उसका 22 वर्षीय आरोपी हरप्रीत सिंह के साथ अवैध संबंध था। उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मारने की साजिश रची और रात में सोते हुए चाकू मार कर हत्‍या कर दी। बाद में शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया। उसके कुबूलनामे पर पुलिस ने मृतक सहदेव की पत्नी ममता देवी और उसके प्रेमी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी डेराबस्सी को गिरफ्तार कर लिया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!