बिजनेस

अब Zomato में इस्तीफे की लगी लाइन, को-फाउंडर मोहित गुप्ता ने भी कंपनी को कहा अलविदा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 19, 2022, 12:59 AM IST

मोहित गुप्ता 2018 में जोमैटो में फूड डिलीवरी के प्रमुख के रूप में शामिल हुए थे। तब से वो लगातार कंपनी में अहम भूमिका निभा रहे थे, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन इन इस्तीफों से ऐसा लग रहा है, जैसे जोमैटो में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।

Image

जोमैटो में लगी इस्तीफों की झड़ी

Photo : BCCL

ट्विटर के बाद अब जोमैटो में भी इस्तीफे की कहानी शुरू हो गई है। एक के बाद एक तीन बड़े अधिकारी कंपनी को अलविदा कह चुके हैं। कंपनी भी कई बदलाव से गुजर रही है। ऐसे में इस कंपनी के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं।

इस्तीफे की ताजा लिस्ट में अब कंपनी के को-फाउंडर मोहित गुप्ता ने कंपनी को अलविदा कह दिया है। हालांकि वो एक निवेशक के तौर पर कंपनी से जुड़े रहेंगे। मोहित गुप्ता इस कंपनी में पिछले साढ़े चार सालों से जुड़े हुए थे। कई बड़े पदों पर रह चुके थे। ऐसे में उनका इस्तीफा कई सवालों को जन्म दे रहा है। हालांकि मोहित गुप्ता ने इस्तीफा क्यों दिया इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

गुप्ता ने अपने विदाई संदेश में कहा- "... मैं आपको वर्षों से सीखी गई हर चीज पर आगे बढ़ते हुए देखना चाहता हूं। निरंतर बढ़ें, सीखते रहें और एक ऐसे संगठन का निर्माण करें जो बाकी दुनिया के लिए एक रोल मॉडल हो।"

इससे पहले Zomato के न्यू इनीशिएटिव हेड और पूर्व फूड डिलीवरी चीफ राहुल गंजू ने इस सप्ताह के शुरू में इस्तीफा दे दिया था। उससे पहले इसकी इंटरसिटी लीजेंड्स सेवा के प्रमुख सिद्धार्थ झावर ने भी एक सप्ताह पहले कंपनी छोड़ दी थी।

बता दें कि कोरोना महामारी के बाद से कंपनी संकटों का सामना कर रही है। यूएई में कंपनी अपनी सेवा बंद करने की घोषणा कर चुकी है। इस तिमाही कंपनी का घाटा 250.8 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है, जो पिछली तिमाही को यह 430 करोड़ रुपये था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article