बिजनेस

गाड़ी चलाने वालों को झटका! CNG हुई महंगी, प्रति किलो ₹4.45 तक बढ़े दाम, देखें लेटेस्ट रेट

अदाणी टोटल ने कहा कि कीमतों में संशोधन खरीद लागत में हुई वृद्धि की आंशिक भरपाई करने और उपभोक्ताओं को भरोसेमंद आपूर्ति जारी रखने के लिए किया गया है।

Image

सीएनजी पंप

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमत में हो रही बढ़ोतरी का असर अब फिर घरेलू बाजार में होने लगा है। शहरी गैस वितरण कंपनी अदाणी टोटल गैस लिमिटेड ने वाहनों में इस्तेमाल होने वाले कॉम्प्रेस्ड प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमतों में 4.45 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी की है। कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की कीमतों में तेजी, घरेलू गैस की उपलब्धता में कमी और आपूर्ति में कटौती को इस फैसले की वजह बताया है।

कहां कितनी बढ़ी कीमत

अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) की वेबसाइट के मुताबिक, अहमदाबाद में उसके पंप पर सीएनजी की कीमत बढ़कर 98.47 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं, हरियाणा के फरीदाबाद में यह 102.60 रुपये और पंजाब के जालंधर में 100 रुपये प्रति किलो है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलएनजी की हाजिर कीमतें फरवरी, 2026 के 10-12 डॉलर प्रति दस लाख इकाई (एमएमबीटीयू) से बढ़कर करीब 30 डॉलर हो गई हैं। इससे आयातित गैस की लागत बढ़ गई है।

इस कारण कीमत बढ़ानी पड़ी

इसके अलावा, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के घरेलू गैस क्षेत्रों से नई कुओं वाली गैस (एनडब्ल्यूजी) की उपलब्धता कम हुई है। सरकार के एक आदेश के बाद उच्च दबाव और उच्च तापमान (एचपीएचटी) वाले गैस क्षेत्रों से आपूर्ति भी घटी है।

अदाणी टोटल गैस ने कहा कि इन वजहों से सीएनजी की मांग पूरी करने के लिए प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध घरेलू गैस का हिस्सा घटा है। आपूर्ति में कमी से पैदा हुए अंतर को पूरा करने के लिए वैकल्पिक स्रोतों से गैस खरीदनी पड़ रही है, जिससे कुल लागत बढ़ गई है।

कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी उपभोक्ताओं पर बढ़ी लागत का असर सीमित रखने और सीएनजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर ध्यान दे रही है। आने वाले दिनों में दूसरी कंपनियां भी पेट्रोल से लेकर सीएनजी की कीमत में बढ़ोतरी कर सकती है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article