बिजनेस

गुड न्यूज: अब इस क्रेडिट कार्ड से UPI ट्रांजैक्‍शन करने पर आपको नहीं देना होगा चार्ज!

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 5, 2022, 03:14 PM IST

देश में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी यूपीआई के जरिए लेनदेन काफी बढ़ गया है। पिछले महीने, सितंबर में इसके जरिए 11 लाख करोड़ रुपये मूल्य के पेमेंट किए गए थे।

Image

UPI ट्रांजैक्‍शन पर RuPay क्रेडिट कार्ड धारकों को नहीं देना होगा चार्ज!

Photo : BCCL
KEY HIGHLIGHTS
  • सितंबर में यूपीआई के जरिए कुल 768 करोड़ लेनदेन किए गए थे।
  • अगस्त की तुलना में पिछले महीने यूपीआई लेनदेन में वृद्धि हुई है।
  • अगस्त में यूपीआई के माध्यम से कुल 657.9 करोड़ लेनदेन हुए थे।

नई दिल्ली। अगर आपके पास भी रुपे क्रेडिट कार्ड (RuPay Credit Card) है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब आपको यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI के जरिए ट्रांजैक्‍शन करने पर कोई चार्ज नहीं देना होगा। हालांकि, इस छूट के लिए ट्रांजैक्‍शन की लिमिट 2,000 रुपये है। इसका लाभ ग्राहकों और व्यापारियों को होगा। इस संदर्भ में भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने घोषणा की है कि यूपीआई पर रुपे क्रेडिट कार्ड पर 2,000 रुपये तक का लेनदेन मुफ्त होगा, यानी इसकी मर्चेंट फीस शून्य होगी।

2,000 रुपये से ज्यादा के लेन-देन पर लगेगा चार्ज

इसे यूपीआई का इस्तेमाल करने वाले सभी मर्चेंट्स द्वारा अलग से ऑनबोर्ड किए बिना स्वीकार किया जाएगा। इससे कई बिजनेस अवसर खुलेंगे, जो पहले अस्तित्व में नहीं थे। इस संदर्भ में सूत्रों ने टीओआई को बताया कि तकनीकी रूप से, बैंक 26 करोड़ UPI यूजर्स के लिए सुरक्षित क्रेडिट कार्ड जारी कर सकते हैं। 2000 रुपये तक का 'शून्य एमडीआर' छोटे व्यापारियों को क्रेडिट कार्ड के दायरे में लाएगी। एमडीआर मर्चेंट डिस्काउंट रेट है। यह दुकानदार द्वारा क्रेडिट कार्ड से भुगतान की सुविधा के लिए बैंक को भुगतान की जाने वाली फीस होती है। हालांकि, 2,000 रुपये से ज्यादा के लेन- देन पर रुपे क्रेडिट कार्ड पर लागू मौजूदा इंटरचेंज शुल्क लगता रहेगा।

मालूम हो कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास (Shaktikanta Das) ने 27 सितंबर 2022 को ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2022 में UPI लाइट और भारत बिलपे क्रॉस-बॉर्डर बिल भुगतान के साथ यूपीआई पर RuPay क्रेडिट कार्ड की शुरुआत की थी। मौजूदा समय में यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक पहले से ही कार्ड जारी कर रहे हैं, जबकि एसबीआई और एचडीएफसी बैंक रुपे पर लाइव हो रहे हैं। यूपीआई पर क्रेडिट कार्ड को लिंक करने में सक्षम करने के लिए, इकोसिस्टम को अपने टेक प्लेटफॉर्मों को बढ़ाना होगा।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article