Year-Ender 2025: दिसंबर महीने की आज से शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही साल 2025 की विदाई और नव-वर्ष के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई है। यह साल जरूर अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है लेकिन कई ऐसे घटनाक्रम हैं जो आपकी जेहन में लंबे समय तक बने रहेंगे। आज से हम इस साल को यादगार बनाने के लिए ईयर एंडर सीरीज शुरू कर रहे हैं। इसकी शुरुआत हम सरकार के उन बड़े फैसले से कर रहे हैं, जिसने करोड़ों आम आदमी की जेब पर बोझ कम करने और बचत बढ़ाने का काम किया है। सरकार ने इस साल जरूरी सामानों पर जीएसटी कटौती, इनकम टैक्स छूट की सीमा 12 लाख और टोल टैक्स से राहत के लिए एनुअल टोल पास जैसे बड़े सुधार किए हैं। आइए जानते हैं कि कैसे इन फैसलों से आपको हो रही है बड़ी बचत।
GST 2.0: GST स्लैब में कटौती से बड़ी बचत
सरकार ने आम आदमी को बड़ी राहत देते हुए जीएसटी दरों में बड़ी कटौती का ऐलान इस साल 3 सितंबर को किया गया। 3 सितंबर 2025 को जीएसटी काउंसिल की बैठक में GST स्लैब को सरल करते हुए केवल 5% और 18% किया गया और पुराने 12% व 28% स्लैब खत्म करने का ऐलान किया गया था। 22 सितंबर से जीएसटी की नई दर लागू हुई थी। नई जीएसटी दर लागू होने के बाद तंबाकू और संबंधित उत्पादों को छोड़कर 453 वस्तुओं की जीएसटी दर में बदलाव हुआ, उनमें से 413 वस्तुओं की दरों में कमी देखी गई। आवश्यक वस्तुओं (लगभग 295 वस्तुओं) की जीएसटी दर 12 प्रतिशत से घटकर पांच प्रतिशत/शून्य हो गई है। इससे जरूरी सामानों की कीमत में बड़ी कमी आई है, जिससे आम आदमी का घरेलू खर्च का बजट कम हुआ है। इतना ही नहीं, गाड़ियों, एसी, टीवी आदि भी जीएसटी दर में बड़ी कटौती की गई। इससे इनकी कीमत कम हुई है और बहुत सारे लोग अब इसकी खरीदारी कर रहे हैं।
इनकम टैक्स छूट की सीमा 12 लाख की गई
देश के मध्यवर्ग को बड़ी राहत देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इनकम टैक्स छूट की सीमा बढ़ाने का ऐलान किया। 1 फरवरी को पेश बजट में आयकर छूट की सीमा 7 लाख रुपये सालाना से बढ़ाकर सीधे 12 लाख रुपये करने का ऐलान किया गया था। वहीं नौकरी पेशा वर्ग के लिए यह सीमा 12.75 लाख रुपये की गई। यह स्टैंडर्ड डिडक्शन के कारण है। इसका लाभ लाखों लोगों को मिला है। इनकम टैक्स की सीमा बढ़ने से मध्यमवर्ग के हाथ में ज्यादा पैसा बच रहा है। वह इस पैसे से अपनी जरूरत को पूरा कर रहे हैं। इसका लाभ देश की जीडीपी को भी मिला है। भारत की GDP FY26 की दूसरी तिमाही में 8.2% की तेज रफ्तार से बढ़ी। ग्रामीण मांग, सरकारी खर्च और मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी।
टोल टैक्स के राहत देने के लिए एनुअल पास
आम लोगों पर टोल टैक्स का बोझ कम करने के लिए सरकार की ओर एनुअल पास का ऐलान किया, जिसे इस साल 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से लागू किया गया। FASTag Annual Pass, हाईवे पर ट्रैवल करने वाले लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है। इस पहल से लोगों को अब बड़ी बचत हो रही है। बताते चलें कि इस पास के तहत आपको बार-बार रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती और इसे मौजूदा FASTag से लिंक किया जा सकता है। FASTag एनुअल पास की कीमत 3,000 रुपये है। इस पास से 200 टोल प्लाजा पार करने की अनुमति मिलती है। इसका मतलब है कि हर टोल प्लाजा पर सिर्फ 15 रुपये का खर्च आता है। शहरों के बीच सफर करने वालों के लिए यह सबसे आसान और सस्ता तरीका साबित हुआ है।
