बिजनेस

500 Rupee Notes Ban: क्या बंद होंगे 500 रुपये के नोट? सीएम चंद्रबाबू नायडू ने ऐसा क्यों कहा

500 Rupee Notes Ban: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने 500 रुपये और उससे अधिक मूल्य के नोटों को बंद करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस तरह के कदम से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Image

500 रुपये के नोटों को बंद करने की अपील

Photo : iStock

500 Rupee Notes Ban : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने 500 रुपये और उससे अधिक मूल्य वाले नोटों को बंद करने की अपील की है। उनका कहना है कि इससे भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ेगी। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के सालाना तीन दिवसीय सम्मेलन ‘महनाडु सभा’ में चंद्रबाबू नायडू ने 500 और 2000 रुपये के नोटों को हटाने और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

पीएम मोदी को दिया था डिजिटल करेंसी रिपोर्ट

इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक नायडू ने कहा कि जब मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिजिटल करेंसी रिपोर्ट दी थी, तो उनसे सिर्फ एक बात कही थी, जरूरत पड़ने पर 500, 1000 और 2000 रुपये के नोटों की छपाई बंद कर दी जाए। डिजिटल करेंसी को सक्षम और बढ़ावा दिया जाए। इससे भ्रष्टाचार का पता आसानी से चल जाएगा।

केंद्र सरकार से फिर किया डिजिटल करेंसी को अपनाने का आग्रह

चंद्रबाबू नायडू ने इस मौके पर केंद्र सरकार से इस सुझाव को लागू करने का फिर से आग्रह किया और कहा कि पूरी दुनिया तेजी से डिजिटल मुद्रा की ओर बढ़ रही है।

दान के लिए QR कोड का उदाहरण देते हुए कहा नोटों की जरुरत नहीं

नायडू ने कहा कि आज की दुनिया डिजिटल करेंसी की है। पहले पार्टी के लिए दान देने के लिए कई प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था, लेकिन अब सिर्फ QR कोड से कार्यकर्ता और जनता आसानी से दान दे सकते हैं। ऐसे में 500 और 2000 रुपये के नोटों का कोई मतलब नहीं रह जाता।

उच्च मूल्य के नोट रद्द करने के पक्ष में समर्थन मांगा

नायडू ने उपस्थित समर्थकों से इस प्रस्ताव के समर्थन में हाथ उठाने और तालियां बजाने को कहा, ताकि यह पता चल सके कि वे बड़े मूल्य के नोट रद्द करने के पक्ष में हैं।

एटीएम से बढ़ेगी 100 और 200 रुपये के नोटों की निकासी

इसी बीच रिपोर्ट के मुताबिक आरबीआई ने एटीएम से 100 और 200 रुपये के नोटों की निकासी के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने हाल ही में 100 और 200 रुपये मूल्य के नोटों को एटीएम से निकालने को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। RBI ने बताया है कि आम जनता की अधिकतर इस्तेमाल होने वाली नोट की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास के तहत सभी बैंक और व्हाइट लेबल एटीएम ऑपरेटर (WLAOs) यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके एटीएम नियमित रूप से कम से कम एक कैसेट से 100 या 200 रुपये के नोट निकालें। इसके लिए निम्नलिखित लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं-:

  • 30 सितंबर, 2025 तक: सभी एटीएम का 75% हिस्सा कम से कम एक कैसेट से 100 या 200 रुपये के नोट निकाल सके।
  • 31 मार्च, 2026 तक: सभी एटीएम का 90% हिस्सा कम से कम एक कैसेट से 100 या 200 रुपये के नोट निकाल सके।

आरबीआई ने बताया कि 2017 में 200 रुपये के नए नोट जारी किए गए थे। यह denomination आम आदमी के लिए लेनदेन को सुविधाजनक बनाने और छोटी-मोटी लेनदेन के लिए जरुरी नोटों की पूरी सीरीज उपलब्ध कराने में मदद करेगा। आरबीआई ने कहा कि ये नोट फिलहाल केवल चुनिंदा आरबीआई कार्यालयों और बैंकों के माध्यम से उपलब्ध हैं, जैसा कि नए नोट जारी होने पर सामान्य होता है और इनके उत्पादन को धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। जैसे-जैसे अधिक नोट छपेंगे, इन्हें बैंकिंग चैनलों के जरिए पूरे देश में वितरित किया जाएगा ताकि जनता को पर्याप्त मात्रा में ये नोट मिल सकें।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article