बिजनेस

6 दिन से सरपट दौड़ रहे Maruti Suzuki के शेयर हुए धड़ाम, क्यों आई 11 महीने की सबसे बड़ी गिरावट?

पिछले 6 दिनों से सरपट दौड़ रहे Maruti Suzuki India के शेयरों की रैली पर बुधवार को जोरदार ब्रेक लगा है। शेयर प्राइस में दोपहर बाद के 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। यह पिछले 11 महीने में आई सबसे बड़ी गिरावट है। भारतीय ऑटो सेक्टर में मारुति सुजुकी ज्यादातर ब्रोकरेज का फेवरेट स्टॉक है। लेकिन, HSBC ने अपनी एक रिपोर्ट में ऐसी बात कही है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।

Image

मारुति के शेयरों में गिरावट (फोटो क्रेडिट, ओपन एआई/कैन्वा)

Maruti Suzuki India Ltd के शेयरों में बुधवार 7 जनवरी को तेज गिरावट देखने को मिली। शेयर 4% से ज्यादा टूट गया और इसके साथ ही 6 दिन से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया। यह बीते करीब 11 महीनों में Maruti Suzuki का सबसे बड़ा सिंगल-डे फॉल माना जा रहा है। दिन के निचले स्तर पर शेयर करीब ₹16,567 तक फिसल गया, जो लगभग 4.2% की गिरावट दर्शाता है। हालांकि, बड़ी तस्वीर देखें तो पिछले एक साल में स्टॉक करीब 43% की जबरदस्त तेजी दिखा चुका है, ऐसे में मौजूदा गिरावट को मुनाफावसूली से जोड़कर देखा जा रहा है।

HSBC ने क्या कहा?

ब्रोकरेज फर्म HSBC ने Maruti Suzuki पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस ₹18,500 प्रति शेयर तय किया है। HSBC का कहना है कि कंपनी का मार्केट शेयर अब सामान्य स्तर पर लौटकर करीब 40% पर आ गया है, जबकि कुल ऑटो डिमांड आउटलुक अब भी मजबूत है। इसके साथ ही HSBC के मुताबिक, अब स्टॉक के लिए तीसरी और चौथी तिमाही के मार्जिन सबसे अहम ट्रिगर होंगे। ब्रोकरेज ने चेतावनी दी है कि अगर EBIT मार्जिन 10% से नीचे रहता है, तो बाजार निराश हो सकता है। साथ ही, कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव को भी निकट अवधि का जोखिम बताया गया है।

बर्नस्टीन ने बढ़ाया टारगेट

एक अलग नोट में ब्रोकरेज फर्म Bernstein ने Maruti Suzuki पर ‘Outperform’ रेटिंग बनाए रखी है। साथ ही, टारगेट प्राइस को ₹17,800 से बढ़ाकर ₹19,000 कर दिया है। यह अपग्रेड मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ और मार्जिन आउटलुक को लेकर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

दिसंबर बिक्री ने दी मजबूती

कंपनी ने दिसंबर में कुल 2.17 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो स्ट्रीट अनुमान 2.12 लाख यूनिट्स से बेहतर रही। सालाना आधार पर यह बिक्री 22.2% ज्यादा रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में 1.78 लाख यूनिट्स की बिक्री हुई थी। घरेलू पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में बिक्री 37.5% बढ़कर 1.78 लाख यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले साल 1.3 लाख यूनिट्स थी। एंट्री-लेवल मॉडल Alto और S-Presso की बिक्री में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला, जो सालाना आधार पर 92% बढ़कर 14,225 यूनिट्स रही।

एनालिस्ट्स का नजरिया पॉजिटिव

Trendlyne के मुताबिक कुल 49 एनालिस्ट्स Maruti Suzuki को कवर कर रहे हैं। इनमें से 38 ने ‘Buy’, 7 ने ‘Hold’ और सिर्फ 4 ने ‘Sell’ रेटिंग दी है। हालिया गिरावट के बावजूद, ज्यादातर ब्रोकरेज का मानना है कि आगे स्टॉक की दिशा मार्जिन परफॉर्मेंस और कमोडिटी ट्रेंड्स पर निर्भर करेगी।

डिस्क्लेमर: TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article