बिजनेस

जिमी टाटा कौन हैं? बने HDFC बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, जानिए उनके बारे में सबकुछ

Who is Jimmy Tata: HDFC बैंक ने चीफ क्रेडिट ऑफिसर जिमी टाटा को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। साथ ही, बोर्ड विस्तार और नए MD-CEO पद हेतु RBI को दो नाम भेजे गए हैं।

Image

HDFC बैंक ने जिमी टाटा को बनाया एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर

Who is Jimmy Tata: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक, HDFC बैंक ने जिमी टाटा को बोर्ड में होल-टाइम डायरेक्टर नियुक्त किया है। बैंक में उनका पदनाम (Designation) 'एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर' होगा। यह नियुक्ति तीन साल की अवधि के लिए की गई है, जिस पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। बैंक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी नियुक्ति और वेतन-भत्ते RBI की मंजूरी की तारीख या केंद्रीय बैंक द्वारा तय की गई तारीख से लागू होंगे।

कौन हैं जिमी टाटा?

जिमी टाटा वर्तमान में HDFC बैंक में चीफ क्रेडिट ऑफिसर के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने जमनालाल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से फाइनेंस मैनेजमेंट (Master of Financial Management) में मास्टर्स किया है। इसके अलावा, वह इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ऑफ इंडिया से चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) भी हैं। जिमी टाटा के पास बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र (BFSI) में 35 साल से अधिक का लंबा और गहरा अनुभव है।

1994 से HDFC बैंक के साथ जुड़ाव

जिमी टाटा ने अपने करियर की शुरुआत साल 1987 में स्ट्रैटेजिक कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक कंसलटेंट के रूप में की थी। दो साल बाद वह एप्पल इंडस्ट्रीज लिमिटेड से जुड़े, जहां उन्होंने होलसेल लीजिंग और हायर परचेज डिवीजन की कमान संभाली। साल 1994 में उन्होंने HDFC बैंक में कदम रखा। शुरुआत में वह कॉर्पोरेट बैंकिंग विभाग में रिलेशनशिप मैनेजर थे, और धीरे-धीरे अपनी काबिलियत के दम पर इस विभाग के प्रमुख बने। इसके बाद, जून 2013 में उन्हें HDFC बैंक का चीफ रिस्क ऑफिसर नियुक्त किया गया था।

अन्य प्रमुख जिम्मेदारियां

HDFC बैंक में अपनी मुख्य भूमिका के अलावा जिमी टाटा वित्तीय जगत में कई अन्य बड़े पदों पर भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह इंटरनेशनल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (IARC) के बोर्ड में शामिल हैं। वह HDB फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक मंडल का हिस्सा हैं। इसके साथ ही, वह HDB एम्प्लॉइज वेलफेयर ट्रस्ट के ट्रस्टी के रूप में भी कार्य करते हैं।

वी श्रीनिवास रंगन को मिला एक साल का सेवा विस्तार

जिमी टाटा की नियुक्ति के साथ ही HDFC बैंक के बोर्ड ने वी श्रीनिवास रंगन को फिर से होल-टाइम डायरेक्टर (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) नियुक्त करने की मंजूरी दी है। उनका यह नया कार्यकाल 23 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2027 तक यानी एक साल के लिए होगा। हालांकि, इसके लिए भी आवश्यक नियामक मंजूरियां लेना बाकी है।

HDFC बैंक ने बढ़ाया होल-टाइम डायरेक्टर्स का दायरा

बैंक ने अपने बोर्ड में एक नया होल-टाइम डायरेक्टर पद बनाने का फैसला किया है। इस फैसले के बाद, मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के अलावा बोर्ड में होल-टाइम डायरेक्टर्स की संख्या बढ़कर चार हो जाएगी। बैंक प्रबंधन के अनुसार, इस नए पद को बनाने का मुख्य उद्देश्य बैंक और उसकी सहायक कंपनियों (Subsidiary companies) के बीच बेहतर तालमेल, मजबूत निगरानी और उत्तराधिकार योजना (Succession Planning) के ढांचे को और अधिक पारदर्शी व मजबूत बनाना है। इस नए पद पर नियुक्ति नए MD और CEO के पदभार संभालने के बाद उनकी सलाह से की जाएगी। इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी बाद में ली जाएगी।

नए MD और CEO के लिए RBI को भेजे गए दो नाम

HDFC बैंक ने RBI को मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) के पद के लिए दो संभावित उम्मीदवारों के नाम भी भेज दिए हैं। बैंक ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि यह नाम वरीयता क्रम (Order of preference) और तीन साल के कार्यकाल के लिए तय वेतन के प्रस्ताव के साथ भेजे गए हैं। हालांकि, बैंक ने अभी तक इन दोनों उम्मीदवारों के नामों का खुलासा नहीं किया है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article