अगर बैंक होम लोन की ब्याज दर घटाने से मना करे, तो क्या करें?
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 11, 2025, 01:20 PM IST
यह सवाल आजकल कई होम लोन लेने वालों का आम दर्द बन चुका है। RBI ने रेपो रेट घटाया है, लेकिन कई बैंक अभी भी ब्याज दरों में कमी नहीं कर रहे। ऐसे में EMI कम होने की उम्मीद रखने वाले ग्राहकों को निराशा होती है। अगर आपका बैंक भी ब्याज दर कम करने से मना कर रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं कुछ आसान कदम उठाकर आप अपना हक पा सकते हैं और EMI का बोझ कम कर सकते हैं।
banks refuse to reduce home loan
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने साल 2025 में कई बार रेपो रेट में कटौती की है। आमतौर पर जब भी रेपो रेट घटता है, तो होम लोन की ब्याज दरें भी कम होनी चाहिए और ग्राहकों की EMI घट जाती है। लेकिन इस बार स्थिति थोड़ी अलग है। बाजार में अभी भी कई बैंक और NBFC अपनी ब्याज दरें कम नहीं कर रहे, जबकि रेपो रेट पहले ही नीचे आ चुका है। इसका सीधा नुकसान होम लोन लेने वालों को हो रहा है, क्योंकि उन्हें कम EMI का फायदा नहीं मिल पा रहा।
इस स्थिति को देखते हुए RBI ने सभी बैंकों और NBFC को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राहकों को सही लाभ दें और ब्याज दरों में आवश्यक कटौती करें। फिर भी, अगर आपका बैंक या फाइनेंसर आपका रेट कम नहीं कर रहा है, तो घबराएं नहीं आपके पास कई विकल्प मौजूद हैं।
बैंक ब्याज दर क्यों नहीं घटाते?
हर बैंक अपनी ब्याज दरों को अलग-अलग बेंचमार्क्स से जोड़ता है, जैसे MCLR (Marginal Cost of Funds Based Lending Rate), BPLR (Benchmark Prime Lending Rate) और RLLR (Repo Linked Lending Rate)। अगर आपका लोन इन पुराने बेंचमार्क्स से जुड़ा है, तो रेपो रेट में कटौती का असर तुरंत नहीं दिखाई देता। कई बार बैंक अपना मार्जिन भी बढ़ा देते हैं, जिससे ब्याज दरें कम करने की गुंजाइश और कम हो जाती है, और EMI उतनी घट नहीं पाती जितनी होनी चाहिए।
अगर बैंक आपके होम लोन की ब्याज दर नहीं घटा रहा है तो क्या करें?
सबसे पहले आपको अपने बैंक या NBFC को लिखित में आवेदन देकर यह पूछना चाहिए कि आपकी ब्याज दर कम क्यों नहीं की गई। साथ ही यह भी जानें कि आपका लोन किस बेंचमार्क पर चल रहा है MCLR, RLLR या किसी और पर। बैंक को आपके इस सवाल का जवाब 30 दिनों के भीतर देना अनिवार्य है। अगर बैंक कोई ठोस जवाब नहीं देता, तो आगे कदम उठाना ज़रूरी है।
अगर आपको 30 दिनों के भीतर जवाब नहीं मिलता या बैंक का जवाब संतोषजनक नहीं है, तो आप बैंकिंग लोकपाल के पास शिकायत दर्ज कर सकते हैं। बैंकिंग लोकपाल एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो ग्राहकों की समस्याओं का समाधान बिना किसी खर्च के करता है। कई मामलों में ग्राहकों को यहां से राहत मिल चुकी है, इसलिए यह एक असरदार कदम हो सकता है।
बैंकों को समझाएं ये बात
कई बार बैंक अपने पुराने ग्राहकों की ब्याज दरें कम नहीं करते, लेकिन नए ग्राहकों को सस्ती दरें ऑफर करते हैं। ऐसे में आप बैंक को बता सकते हैं कि आपको दूसरे बैंक में कम ब्याज दर मिल रही है और आप अपना लोन ट्रांसफर करने की सोच रहे हैं। अक्सर ग्राहक को खोने से बचाने के लिए बैंक ब्याज दरें कम करने पर राज़ी हो जाते हैं।
अगर बैंक इसके बाद भी आपकी ब्याज दर कम नहीं करता, तो आपके पास होम लोन बैलेंस ट्रांसफर का विकल्प होता है। यानी आप अपना लोन किसी दूसरे बैंक में शिफ्ट कर सकते हैं। इससे आपको कम ब्याज दर मिल सकती है, EMI कम होती है और लंबे समय में लाखों रुपये की बचत हो सकती है। आज कई बैंक लोन ट्रांसफर पर कम प्रोसेसिंग फीस भी देते हैं।
आपको क्या करना चाहिए?
अगर आप नए ग्राहक हैं और बैंक रेपो रेट कटौती के बावजूद पुराने रेट पर लोन देने की कोशिश कर रहा है, तो आपके पास बहुत से विकल्प हैं। आप ऐसे बैंक का चयन कर सकते हैं जो RLLR आधारित लोन दे, ताकि रेपो रेट में बदलाव का फायदा आपको तुरंत मिल सके। बेहतर सेवा, कम शुल्क और ट्रांसपेरेंट ब्याज दरें आपको लंबे समय में फायदा देंगी।
अगर बैंक आपकी होम लोन ब्याज दर कम नहीं कर रहा है, तो आपके पास कई विकल्प उपलब्ध हैं लिखित में कारण पूछें, 30 दिन का इंतजार करें, जरूरत पड़े तो बैंकिंग लोकपाल तक जाएं, दूसरे बैंक का ऑफर बताकर रेट कम करवाने की कोशिश करें, और यदि समाधान न मिले तो लोन ट्रांसफर करा लें। बैंकिंग में वही ग्राहक आगे रहता है जो अपने अधिकार समझता है और सही समय पर कार्रवाई करता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।