Reliance Retail Profit Strategy: मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड (RIL) के ओनरशिप वाली रिलायंस रिटेल के IPO की बाजार में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि अब तक कंपनी ने लिस्टिंग के लिए कोई समयसीमा घोषित नहीं की है। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने IPO की तैयारी के तहत अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए, नए स्टोर्स के लिए मुनाफे के नियमों को फिर से परिभाषित किया है।
IPO से पहले मुनाफे पर फोकस
रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस रिटेल के टॉप मैनेजमेंट ने निर्देश दिया है कि हर नया स्टोर 6 से 12 महीनों के भीतर ब्रेक-ईवन (break-even) हासिल करे। पहले नए स्टोर्स को मुनाफे में आने के लिए दो साल का समय दिया जाता था। अब यदि कोई स्टोर तय समय में ब्रेक-ईवन हासिल नहीं कर पाता है, तो उसे बंद कर दिया जाएगा या किसी अन्य रिटेल फॉर्मेट से बदल दिया जाएगा। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि रिलायंस रिटेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि IPO की योजनाओं को समय आने पर साझा किया जाएगा।
ब्रेक-ईवन (Break-Even) क्या है?
ब्रेक-ईवन (Break-Even) एक आर्थिक और वित्तीय शब्द है, जिसका मतलब है वह बिंदु जहाँ किसी बिजनेस या निवेश की कुल आमदनी (revenue) और कुल लागत (cost) बराबर हो जाती है। इसका अर्थ है कि ना लाभ (profit) हो रहा है और ना ही उसमें किसी तरह की हानि (loss) हो। उदाहरण के तौर पर मान लीजिए आपने एक दुकान खोलने में कुल 1,00,000 रुपये खर्च किए (इसमें किराया, स्टाफ, सामान, बिजली आदि सब शामिल है)। अब अगर आपकी दुकान ने 1,00,000 रुपये की कमाई कर ली। तो आपने ब्रेक-ईवन हासिल कर लिया। इसका मतलब है कि आपने अपने पूरे खर्च की भरपाई कर ली, लेकिन अभी मुनाफा नहीं हुआ।
रिलायंस रिटेल के शानदार तिमाही नतीजे
रिलायंस रिटेल ने वित्त वर्ष 2025 की मार्च तिमाही (Q4 FY2025) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 29.1% की बढ़त के साथ ₹3,545 करोड़ का नेट प्रॉफिट हासिल किया है, जबकि ग्रॉस रेवेन्यू 15.65% बढ़कर ₹88,620 करोड़ हो गया। पूरे FY2025 में कंपनी का ग्रॉस रेवेन्यू ₹3,30,870 करोड़ रहा, जो 7.85% की सालाना बढ़ोतरी है। सालाना नेट प्रॉफिट भी 11.33% बढ़कर 12,388 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछली साल की मार्च तिमाही में कंपनी ने 2,746 करोड़ रुपये का प्रॉफिट और ₹76,627 करोड़ की ग्रॉस इनकम दर्ज की थी।
IPO के लिए रास्ता साफ कर रही है रिलायंस
रिलायंस रिटेल के लगातार मजबूत होते प्रदर्शन और मुनाफे पर केंद्रित रणनीति यह संकेत देते हैं कि कंपनी IPO से पहले अपने ऑपरेशंस को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
