बिजनेस

घाटे से उबरकर वोडा आइडिया को ₹51,970 करोड़ का बंपर मुनाफा, क्या सोमवार को रॉकेट बनेगा शेयर?

इस तिमाही के दौरान, बोर्ड ने आदित्य बिड़ला ग्रुप की एक प्रमोटर कंपनी को 'प्रेफरेंशियल बेसिस' पर 4,730 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी दी है।

Image

वोडाफोन आइडिया

Vodafone Idea ने शानदार तिमाही रिजल्ट पेश किया है। कंपनी घाटे से उबरकर मुनाफ में आ गई है। आपको बता दें कि संकट से जूझ रही दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 51,970 करोड़ रुपये रहा। यह लगभग छह वर्षों में कंपनी का पहला शुद्ध लाभ है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि यह लाभ मुख्य रूप से AGR में राहत के कारण हुआ है। वोडाफोन आइडिया को वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 7,167 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

कंपनी को AGR में मिली है बड़ी राहत

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने 27 जनवरी को पुष्टि की थी कि 31 दिसंबर, 2025 तक वोडाफोन आइडिया पर समायोजित सकल राजस्व (AGR) से जुड़ा बकाया 87,695 करोड़ रुपये है। इसके बाद डीओटी ने 30 अप्रैल को कंपनी को बताया कि पुनर्मूल्यांकन के लिए गठित समिति ने 2006-07 से 2018-19 की अवधि के लिए 31 दिसंबर, 2025 तक एजीआर बकाया 64,046 करोड़ रुपये तय किया है।

कंपनी ने कहा कि इसके बाद भारतीय लेखा मानकों के अनुसार 80,502 करोड़ रुपये की वित्तीय देनदारी को हटाकर 24,880 करोड़ रुपये की संशोधित देनदारी दर्ज की गई। यह राशि भविष्य के भुगतानों का वर्तमान मूल्य है। इससे 55,622 करोड़ रुपये (पुनर्मूल्यांकित राशि के प्रभाव सहित) अन्य संबंधित प्रावधानों के शुद्ध प्रभाव के साथ अंतर लाभ-हानि खाते में जोड़ा गया।

ऑपरेटिंग इनकम में भी हुई बढ़ोतरी

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम करीब तीन प्रतिशत बढ़कर 11,332 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 11,229 करोड़ रुपये थी। AGR देनदारी में कमी के कारण कंपनी पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में भी लाभ में रही। कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष में 34,552 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में उसे 27,384 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की वार्षिक एकीकृत ऑपरेटिंग इनकम तीन प्रतिशत बढ़कर 44,782 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 43,454 करोड़ रुपये थी।

ARPU में भी हुई बढ़ोतरी

इस तिमाही में, EBITDA 4,889 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 4.9% ज़्यादा है। कस्टमर ARPU 190 रुपये रहा, जबकि Q4FY25 में यह 175 रुपये था। यह पिछले साल के मुकाबले 8.3% की बढ़ोतरी दिखाता है। कंपनी ने कहा कि यह इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा है। ARPU का मतलब है 'एवरेज रेवेन्यू पर यूजर' (हर यूजर से होने वाली औसत कमाई)। 4G/5G यूजर्स की संख्या बढ़कर 128.9 मिलियन हो गई, जो Q4FY25 में 126.4 मिलियन थी।

क्या शेयर में दिखेगी शानदार तेजी?

Vodafone Idea के शेयर पर नजर डालें तो पिछले 5 दिनों में कंपनी के शेयर में 12.24% की तेजी दर्ज की गई है। वहीं, 1 महीने की अवधि में 34.55% की तेजी आई है। ऐसे में मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि शेयर अप ट्रेड में है और रिजल्ट के बाद तेजी देखने को मिल सकती है। हालांकि, एकदम से निवेशकों को निवेश से बचना चाहिए। अगर लंबी अवधि का नजरिया है तो ही पैसा लगाना चाहिए।

डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article