बिजनेस

कड़ी मशक्कत के बाद सीनेट से पास हुआ ट्रंप का 'बिग ब्यूटीफुल' बिल, हाउस में अब अगली परीक्षा

सीनेट में सफलता मिलने के बाद ट्रंप के इस महात्वाकांक्षी विधेयक ने अपनी पहली बाधा पार कर ली है। इस बिल की अगली परीक्षा हाउस में होगी। इस बिल पर करीब 24 घंटे की लंबी चर्चा हुई। चर्चा के बाद हुई वोटिंग में रिपब्लिकन एवं डेमोक्रेट के वोट बराबर पड़े जिसके बाद उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने बिल के समर्थन में अपना वोट दिया। हाउस में भी इस विधेयक को भारी विरोध का सामना करना पड़ सकता है।

Image

कड़ी मशक्कत के बाद सीनेट से पास हुआ ट्रंप का 'बिग ब्यूटीफुल बिल'

Trump's 'big, beautiful' bill : टैक्स और खर्च पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 'बिग ब्यूटीफुल' बिल कड़ी मशक्कत के बाद सीनेट से पारित हो गया है। इस बिल को लेकर सीनेट पर लंबे समय तक गतिरोध बना रहा लेकिन रिपब्लिकन जैसे-तैसे इस विधेयक को पारित कराने में सफल हो गए। सीनेट में सफलता मिलने के बाद ट्रंप के इस महात्वाकांक्षी विधेयक ने अपनी पहली बाधा पार कर ली है। इस बिल की अगली परीक्षा हाउस में होगी। इस बिल पर करीब 24 घंटे की लंबी चर्चा हुई। चर्चा के बाद हुई वोटिंग में रिपब्लिकन एवं डेमोक्रेट के वोट बराबर पड़े जिसके बाद उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने बिल के समर्थन में अपना वोट दिया। हाउस में भी इस विधेयक को भारी विरोध का सामना करना पड़ सकता है।

पक्ष और विरोध में 50-50 मत पड़े

विधेयक के पक्ष और विरोध में 50-50 मत पड़ने के बीच उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपना मत देकर इसे मंजूरी दिलाई। विधेयक का विरोध करने वाले तीन रिपब्लिकन सांसदों में थॉम थिलिस, सुजैन कॉलिन्स और केंटकी रैंड पॉल शामिल थे। ट्रंप के महत्वाकांक्षी कर छूट और खर्च कटौती विधेयक पर सीनेट में सोमवार को देर रात तक तीखी बहस चली। हंगामेदार सत्र के दौरान रिपब्लिकन सांसद जहां इस विधेयक के लिए समर्थन जुटाते नजर आए। वहीं, विपक्षी डेमोक्रेट सदस्य इसे गिराने के लिए पेश संशोधनों को पारित कराने का प्रयास करते रहे।

अब प्रतिनिधि सभा में जाएगा विधेयक

साउथ डकोटा से रिपब्लिकन सीनेटर जॉन थून अपनी पार्टी के उन सदस्यों के बीच समझौता कराने के लिए प्रयास करते दिखे, जो इस बात को लेकर चिंतित थे कि 'मेडिकेड' में प्रस्तावित कटौती से लाखों लोग स्वास्थ्य बीमा से वंचित हो जाएंगे। वहीं, कुछ (सदस्यों) का मानना था कि बढ़ते राजकोषीय घाटे को कम करने के लिए करों में और अधिक कटौती किए जाने की जरूरत है। अब यह विधेयक वापस प्रतिनिधि सभा (संसद का निचला सदन) की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

ट्रंप के सबसे महत्वाकांक्षी विधेयकों में से एक

अमेरिकी संसद के दोनों सदनों पर नियंत्रण रखने वाले रिपब्लिकनों के लिए अब अगली चुनौती प्रतिनिधि सभा में इस विधेयक को पारित कराना है। 940 पन्नों का "वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट" ट्रंप के सबसे महत्वाकांक्षी विधेयकों में से एक है। रिपब्लिकन सांसद राष्ट्रपति ट्रंप की छुट्टियों की समय सीमा यानी शुक्रवार से पहले इसे मंजूरी दिलाना चाहते हैं। इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति ने देर रात जारी एक सोशल मीडिया पोस्ट में सीनेट से विधेयक को मंजूरी देने की अपील कहते हुए कहा था कि यह (विधेयक) “शायद अपनी तरह का सबसे महान और सबसे महत्वपूर्ण विधेयक है।” उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी सीनेट सदस्यों से इस “विधेयक को पारित करने का अनुरोध किया था।”

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article