आज की तेजी से बदलती वित्तीय दुनिया में, कई भारतीयों को लगता है कि बढ़ती महंगाई, शिक्षा लागत, स्वास्थ्य देखभाल खर्च और सेवानिवृत्ति योजना को संभालने के लिए उनकी सैलरी काफी नहीं है। लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं है। बेहतर फाइनेंशियल प्लानिंग के लिए कमाई के साथ बचत के लिए प्लानिंग जरूरी है। आप छोटी सी रकम से बड़ा पैसा लंबी अवधि में जमा कर सकते हैं। अगर आप Gen Z भी हैं तो अपनी पॉकेट मनी से बचत कर जरूरत के लिए पैसा जमा कर सकते हैं। यह काम आप म्यूचुअल फंड SIP से कर सकते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं कि कैसे ₹1000 की मंथली बचत से आप लाखों का फंड बना सकते हैं।
इस तरह जमा होगा लाखों का फंड
SIP, यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान, म्यूचुअल फंड में निवेश करने के सबसे आसान तरीकों में से एक है। इसमें निवेशक हर महीने एक तय रकम जमा करते हैं, जिसकी शुरुआत सिर्फ 250 रुपये से भी हो सकती है। SIP शेयर बाजार को जोखिम कम करने के साथ रेगुलर निवेश का आदत डालता है। इसलिए निवेशकों को शेयर बाजार के सही समय का इंतजार करने या उसकी चिंता करने की जरूरत नहीं होती। SIP में कंपाउंडिंग का फायदा भी मिलता है, जिसमें समय के साथ निवेश पर मिले रिटर्न पर भी अतिरिक्त रिटर्न मिलता है। उदाहरण के लिए, 25 साल की उम्र से हर महीने 1,000 रुपये का निवेश करने पर, 12% के औसत सालाना रिटर्न के साथ, 40 सालों में यह रकम लगभग 1 करोड़ रुपये तक बढ़ सकती है।
हर महीने ₹1,000 की SIP का गणित
- मासिक SIP: ₹1,000
- अनुमानित वार्षिक रिटर्न: 12%
- निवेश अवधि: 40 वर्ष
- 40 साल बाद कितना पैसा बनेगा?
- कुल निवेश: ₹4,80,000
- अनुमानित रिटर्न (ब्याज): ₹93,13,071
- कुल फंड वैल्यू: ₹97,93,071
यानी सिर्फ ₹4.8 लाख का निवेश, 40 साल में करीब ₹97.93 लाख का फंड बन सकता है। (यह गणना 12% के अनुमानित वार्षिक रिटर्न पर आधारित है। वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन के अनुसार कम या ज्यादा हो सकता है।)
यानी अगर कोई युवा 25 साल की उम्र में सिर्फ 1000 रुपये का निवेश शुरू करता है तो वह 65 साल की उम्र में करीब 1 करोड़ रुपये जमा कर लेगा।
म्यूचुअल फंड में निवेश के कई फायदे
म्यूचुअल फंड कई फायदे देते हैं, जैसे कि प्रोफेशनल मैनेजमेंट, डाइवर्सिफिकेशन और कम रकम से निवेश शुरू करने की सुविधा। निवेशकों को लिक्विडिटी भी मिलती है, यानी जरूरत पड़ने पर आमतौर पर पैसे निकाले जा सकते हैं। हालांकि, म्यूचुअल फंड जोखिम-मुक्त नहीं होते क्योंकि रिटर्न बाजार की स्थितियों पर निर्भर करता है, इसलिए एक्सपर्ट लंबे समय के नज़रिए से निवेश करने की सलाह देते हैं। निवेशक कम चार्ज वाले डायरेक्ट फंड या एडवाइजर की मदद वाले रेगुलर फंड चुन सकते हैं। आज, डिजिटल प्लेटफॉर्म निवेशकों को कुछ ही मिनटों में KYC पूरा करने और SIP शुरू करने की सुविधा देते हैं।
