बिजनेस

क्या उज्ज्वला योजना में अब सिर्फ 4 सिलेंडर ही मिलेंगे? जानें 5वां सिलेंडर पाने के लिए क्या करना होगा?

उज्ज्वला योजना के तहत सरकार अब बेनेफिशियरी को सिर्फ 4 LPG सिलेंडर ही देगी। लेकिन अगर आपको 5वां सिलेंडर लेना हो तो कैसे मिलेगा आइए जानते हैं?

Image

Ujjwala Yojana LPG Cylinder

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (Ujjwala Yojana LPG Cylinder) के तहत सरकार लाभार्थियों को प्रति सिलेंडर 300 रुपये की सब्सिडी देती है। पिछले साल तक लाभार्थियों को साल में 9 सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर (LPG Cylinder) मिलते थे, लेकिन नए नियमों के तहत अब यह लाभ साल के पहले 4 सिलेंडरों (रिफिल) तक ही सीमित रहेगा। यानी सरकार की तरफ से आपको साल भर में कुल 1,200 रुपये की डायरेक्ट सब्सिडी (300 रुपये प्रति सिलेंडर) दी जाएगी, जो सीधे आपके बैंक खाते में आएगी। सरकार का मानना है कि एक गरीब परिवार में सालाना औसत गैस की खपत 4 से 5 सिलेंडर ही होती है, इसलिए इस कोटे को तय किया गया है। लेकिन अगर किसी बेनेफिशियरी को 5वां सिलेंडर चाहिए हो तो उसे कैसे मिलेगा? आइए जानते हैं क्या कहते हैं नियम

4 के बाद कैसे मिलेगा सिलेंडर?

अब बात करते हैं आपके सबसे बड़े सवाल की क्या 4 सिलेंडर के बाद आपको 5वां सिलेंडर मिलेगा? तो इसका जवाब है, 'हां', आपको जरूर मिलेगा। सरकार ने गैस की सप्लाई पर कोई रोक नहीं लगाई है। नियम केवल सब्सिडी को लेकर बदला है। दरअसल, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में 4 सिलेंडर सब्सिडी वाले मिलेंगे, इसके अलावा अगर आपको 5वां या उससे ज्यादा सिलेंडर चाहिए, तो उसके लिए आपको पूरे एलपीजी के पैसे देने होंगे। इस 5वें सिलेंडर पर आपको सरकार की तरफ से मिलने वाली 300 रुपये की छूट (सब्सिडी) नहीं मिलेगी। आपको इसे बाजार की सामान्य कीमत पर खरीदना होगा।

इसको एक उदाहरण से समझते हैं। मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की बढ़ती लागत के कारण एक एलपीजी सिलेंडर की वास्तविक लागत 1,600 रुपये से अधिक है। लेकिन सरकार भारी इनडायरेक्ट सब्सिडी देकर दिल्ली में सामान्य ग्राहकों को यह 942 रुपये में उपलब्ध करा रही है। उज्ज्वला लाभार्थियों को इस 942 रुपये पर 300 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी मिलती है, जिससे उन्हें यह सिलेंडर 642 रुपये का पड़ता है। लेकिन जब आप साल का 5वां सिलेंडर बुक करेंगे, तो आपको 642 रुपये के बजाय सामान्य ग्राहक की तरह पूरे 942 रुपये चुकाने होंगे। 5वें सिलेंडर के लिए आपको कोई अलग से आवेदन नहीं करना है, आप अपने सामान्य तरीके से ही गैस एजेंसी या ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।

कैसे उठाएं उज्ज्वला योजना का लाभ?

अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं और नए कनेक्शन के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो पात्रता बेहद आसान है। आवेदक का 18 वर्ष से अधिक आयु की महिला होना जरूरी है। साथ ही, परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए। आवेदन करने के लिए आपको मुख्य रूप से आधार कार्ड (पहचान और पते के प्रमाण के लिए), राशन कार्ड, बैंक खाता विवरण और एक गरीबी घोषणा पत्र की आवश्यकता होती है। आप उज्ज्वला योजना की आधिकारिक वेबसाइट (pmuy.gov.in) पर जाकर मुफ्त में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या अपने नजदीकी एलपीजी वितरक (गैस एजेंसी) के पास जाकर ऑफलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं। नए कनेक्शन के साथ सरकार पहली रिफिल और दो बर्नर वाला गैस चूल्हा पूरी तरह मुफ्त देती है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article