आधार की फोटोकॉपी नहीं देनी है तो क्लब और होटलों में कैसे होगी एंट्री? UIDAI ने बताया नया तरीका
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 12, 2025, 01:27 PM IST
आधार की फोटोकॉपी देना अब बीते जमाने की बात हो गई है। UIDAI ने नई गाइडलाइन जारी की है, जिसके बाद क्लब, होटल या किसी भी निजी जगह पर पहचान की जांच फोटोकॉपी से नहीं, बल्कि QR कोड स्कैन या डिजिटल ऑथेंटिकेशन से होगी। यह तरीका न सिर्फ तेज है, बल्कि आपकी प्राइवेसी को भी पूरी तरह सुरक्षित रखता है।
UIDAI Aadhar
आजकल किसी होटल, क्लब या इवेंट में एंट्री लेने के लिए आधार कार्ड की फोटोकॉपी देना आम बात हो गई है। लेकिन आधार डेटा की सुरक्षा को देखते हुए UIDAI (Unique Identification Authority of India) ने अब इसके खिलाफ सख्त कदम उठाया है। UIDAI ने नई गाइडलाइन जारी की है, जिसमें साफ कहा गया है कि कोई भी होटल, क्लब, इवेंट आयोजक, कॉर्पोरेट ऑफिस या कोई भी निजी संस्था आपसे आधार की फोटोकॉपी नहीं ले सकती और न ही आपके आधार की स्कैन कॉपी स्टोर कर सकती है।
इस नियम का उद्देश्य बढ़ते डेटा मिसयूज, आइडेंटिटी चोरी और अनधिकृत डेटा स्टोरेज को रोकना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये उठता है कि आधार की फोटोकॉपी दिए बिना आपकी पहचान कैसे होगी और होटल या क्लब में एंट्री कैसे मिलेगी? इस सवाल का जवाब UIDAI ने नई ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया के जरिए दिया है, जो पहले से ज्यादा सुरक्षित और तेज है।
UIDAI ने क्यों लगाई आधार फोटोकॉपी पर रोक?
कई जगहों पर आधार की फोटोकॉपी लेकर उसे बिना किसी सुरक्षा के स्टोर किया जाता है। इससे आपकी निजी जानकारी गलत हाथों में जा सकती है और डेटा चोरी का खतरा बढ़ जाता है। यह आधार एक्ट का उल्लंघन भी है। UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने बताया कि नई गाइडलाइन का मकसद लोगों की निजी जानकारी को सुरक्षित रखना और डिजिटल पहचान की चोरी को रोकना है।
UIDAI अब उन सभी संस्थाओं को एक नए फ्रेमवर्क में रजिस्टर करेगा, जो पहचान सत्यापन (Identity Verification) की सेवा देना चाहती हैं। इससे पूरे सिस्टम में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ेगी।
अब कैसे होगी होटल और क्लब में आधार वेरिफिकेशन?
UIDAI के नए नियमों के तहत आधार की फोटोकॉपी देने की अब कोई जरूरत नहीं है। किसी भी प्राइवेट संस्था जैसे होटल, क्लब, इवेंट ऑर्गनाइजर या कंपनी—को सबसे पहले UIDAI के साथ रजिस्टर करना होगा। रजिस्टर होने के बाद वे ऑफलाइन वेरिफिकेशन करने वाली संस्था (Offline Verification Seeking Entity) बन जाएंगे। इसके बाद पहचान की पुष्टि सिर्फ UIDAI-अप्रूव्ड तरीकों से ही होगी.
QR कोड बेस्ड ऑफलाइन वेरिफिकेशन
आपके Aadhaar कार्ड या e-Aadhaar पर मौजूद QR कोड में आपकी फोटो, नाम और जन्मतिथि जैसी सीमित जानकारी सुरक्षित रूप से एन्क्रिप्टेड होती है। होटल या क्लब सिर्फ इस QR कोड को स्कैन करेंगे। स्कैन करने पर उन्हें सिर्फ वही जानकारी दिखेगी जिसकी उन्हें जरूरत है आपका नाम, आपकी उम्र और आपकी फोटो। आपका पता, मोबाइल नंबर या अन्य निजी जानकारी उन्हें नहीं दिखाई जाएगी। यह प्रक्रिया तेज है, सुरक्षित है और डेटा स्टोर किए बिना वेरिफिकेशन हो जाता है।
UIDAI API आधारित Authentication
कई बड़े होटल या संस्थाएं UIDAI की API का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ऑथेंटिकेशन कर सकेंगी। इसमें आपकी पहचान UIDAI के सर्वर से रियल-टाइम में वेरीफाई होती है, लेकिन आपका डेटा स्टोर नहीं किया जा सकता। यह तरीका भी डेटा सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
नया Aadhaar ऐप भी देगा सुरक्षित वेरिफिकेशन
UIDAI एक नया Aadhaar ऐप लाने की योजना पर भी काम कर रहा है, जिसके जरिए आप खुद QR कोड दिखाकर सुरक्षित तरीके से अपनी पहचान प्रमाणित कर सकेंगे।
UIDAI नए आधार मॉडल पर भी विचार कर रहा है
UIDAI अब एक नया Aadhaar ऐप लाने की योजना पर काम कर रहा है, जिससे पहचान सत्यापन और भी आसान और सुरक्षित हो जाएगा। इस ऐप की मदद से यूजर खुद अपना QR कोड दिखाकर अपनी पहचान प्रमाणित कर सकेंगे। इसका फायदा यह होगा कि आपको अपनी Aadhaar फोटोकॉपी कहीं देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आपकी प्राइवेसी भी सुरक्षित रहेगी।
UIDAI भविष्य में एक नया Aadhaar कार्ड मॉडल लाने पर भी विचार कर रहा है। इस नए कार्ड के फ्रंट पर सिर्फ आपकी फोटो और QR कोड होगा। बाकी सभी व्यक्तिगत जानकारी हटाई जा सकती है। यह बदलाव इसलिए कि आधार अब एक सुरक्षित पहचान सत्यापन टूल की तरह इस्तेमाल किया जा सके और बिना किसी डेटा जोखिम के पहचान की पुष्टि हो सके।
किसको मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
इस नए सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा आम यूजर्स को मिलेगा। सबसे पहले तो आपका व्यक्तिगत डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा, क्योंकि होटल, क्लब या किसी इवेंट ऑर्गनाइजर को आपकी फोटोकॉपी या डिटेल्स स्टोर करने की जरूरत ही नहीं होगी। इससे आधार की फर्जी कॉपी या पहचान चोरी की संभावना काफी कम हो जाएगी।
इसके अलावा, होटलों और क्लबों में आपकी एंट्री भी पहले से तेज और आसान हो जाएगी। सिर्फ QR कोड स्कैन कर आपकी पहचान तुरंत वेरिफाई हो जाएगी। इससे न केवल समय बचेगा बल्कि सिक्योरिटी भी मजबूत होगी। निजी संस्थाओं के लिए भी यह नियम फायदे का सौदा है। उन्हें ग्राहक का आधार डेटा स्टोर नहीं करना पड़ेगा। इससे डेटा मैनेजमेंट की जिम्मेदारी कम होगी और किसी भी तरह के डेटा लीक का जोखिम भी घटेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।