बिजनेस

भारतीय दवा कंपनियों को ट्रंप ने दी 0% टैरिफ की सौगात, साथ ही लटका दी 200% की तलवार

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका को दवाएं निर्यात करने वाली कंपनियों को 0 फीसदी टैरिफ की सौगात दी है। हालांकि, साथ ही 200 फीसदी टैरिफ की तलवार लटका दी है। इसके लिए ट्रंप ने 2 वर्ष का समय दिया है।

Image

फिलहाल भारतीय कंपनियों को राहत

Trump Tariff on Generic Drugs : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेनेरिक दवाओं के आयात को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने एक नई टैरिफ योजना पेश की है, जिसके तहत 1 अगस्त से अगले दो साल तक जेनेरिक दवाओं पर कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा। लेकिन इसके बाद एक साल के लिए 100% टैरिफ और फिर 200% टैरिफ लगाया जाएगा। यह फैसला भारत की दवा कंपनियों के लिए फिलहाल राहत लेकर आया है, क्योंकि भारत दुनिया के सबसे बड़े जेनेरिक दवा निर्यातकों में शामिल है और अमेरिकी बाजार उनकी कमाई का बड़ा स्रोत है। हालांकि, लंबे समय में यह फैसला भारतीय कंपनियों के बिजनेस मॉडल पर बड़ा असर डाल सकता है।

नई योजना के मुताबिक 1 अगस्त से अगले 2 साल तक जेनेरिक दवाओं पर 0% टैरिफ लगेगा। उसके बाद 1 साल बाद 100% टैरिफ और फिर 200% टैरिफ की योजना है। यानी कंपनियों के पास अमेरिका में अपनी फैक्टरी लगाने और उत्पादन शुरू करने के लिए लगभग दो साल का समय होगा। यदि ऐसा नहीं किया गया तो भारी आयात शुल्क देना पड़ सकता है।

भारत की कंपनियों को क्यों मिली राहत?

भारत अमेरिका को सस्ती जेनेरिक दवाओं का सबसे बड़ा सप्लायर है। अमेरिका में बिकने वाली अधिकांश जेनेरिक दवाएं भारतीय कंपनियों से आती हैं। Sun Pharma, Aurobindo Pharma, Zydus Lifesciences, Dr. Reddy's Laboratories, Cipla जैसी कंपनियों का अमेरिकी बाजार में बड़ा कारोबार है। ऐसे में अगर तुरंत टैरिफ लग जाता, तो इन कंपनियों की लागत और मुनाफे पर बड़ा असर पड़ सकता था। दो साल की राहत मिलने से इन कंपनियों को अपनी सप्लाई चेन और निवेश रणनीति पर दोबारा काम करने का समय मिल गया है।

ट्रंप ऐसा क्यों कर रहे हैं?

ट्रंप प्रशासन का मकसद दवा कंपनियों को अमेरिका में उत्पादन शुरू करने के लिए मजबूर करना है। उनका मानना है कि अमेरिका को दवाओं के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। इसलिए जो कंपनियां अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएंगी, उन्हें फायदा मिलेगा। वहीं, जो कंपनियां विदेश से दवाएं भेजती रहेंगी, उन्हें भारी टैरिफ देना होगा। यह ट्रंप के 'America First' मैन्युफैक्चरिंग एजेंडे का हिस्सा माना जा रहा है।

भारतीय कंपनियों के सामने क्या चुनौती होगी?

अगर 100% और बाद में 200% टैरिफ वास्तव में लागू हो जाता है, तो भारत से अमेरिका दवा भेजना काफी महंगा हो जाएगा। ऐसी स्थिति में भारतीय कंपनियों के सामने तीन विकल्प हो सकते हैं। अमेरिका में नई फैक्ट्रियां लगानी होंगी। स्थानीय कंपनियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग करनी होगी और सप्लाई चेन का पुनर्गठन करना होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि बड़ी भारतीय कंपनियां पहले से ही अमेरिका में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना पर काम कर रही हैं। यह नया टैरिफ प्लान उस प्रक्रिया को और तेज कर सकता है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article