बिजनेस

Tim Cook: टिम कुक पद छोड़ेंगे, Apple को मिलेगा नया CEO, जॉन टर्नस संभालेंगे कमान

Tim Cook सितंबर में Apple Inc. के CEO पद से हटकर एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनेंगे, जबकि John Ternus नए CEO के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

Image

Tim Cook सितंबर में CEO पद छोड़कर एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनेंगे (फोटो- AP)

Tim Cook ने घोषणा की है कि वे Apple Inc. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद से हटकर अब कंपनी के बोर्ड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका संभालेंगे। कंपनी ने सोमवार को बताया कि यह फैसला एक लंबे समय से योजनाबद्ध नेतृत्व परिवर्तन का हिस्सा है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा इस बदलाव को मंजूरी दी गई है।

Apple के नए सीईओ कौन?

नई व्यवस्था के तहत जॉन टर्नस (John Ternus) 1 सितंबर से Apple के नए CEO के रूप में कार्यभार संभालेंगे। फिलहाल हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के रूप में कार्यरत टर्नस कंपनी के प्रमुख उत्पादों के विकास में अहम भूमिका निभा चुके हैं और अब वे कंपनी की अगुवाई करेंगे। टिम कुक गर्मियों तक CEO पद पर बने रहेंगे और इस दौरान जॉन टर्नस के साथ मिलकर जिम्मेदारियों का सुचारु हस्तांतरण सुनिश्चित करेंगे। एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनने के बाद भी कुक कंपनी के साथ जुड़े रहेंगे और वैश्विक स्तर पर नीति-निर्माताओं के साथ संवाद जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देते रहेंगे।

टिम कुक ने लिखा भावुक पत्र

कंपनी को लिखे एक भावुक पत्र में टिम कुक ने अपने 15 वर्षों के अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि वे हर सुबह दुनिया भर के Apple उपयोगकर्ताओं के ईमेल पढ़कर दिन की शुरुआत करते थे, जिनमें लोग अपने जीवन के खास पलों और Apple उत्पादों के प्रभाव के बारे में बताते थे। कुक ने लिखा कि इन संदेशों में कभी किसी की जान बचाने में Apple Watch की भूमिका का जिक्र होता था, तो कभी किसी पहाड़ की चोटी पर खींची गई परफेक्ट सेल्फी की कहानी। उन्होंने यह भी कहा कि Apple के यूजर्स ने उन्हें हमेशा यह बताया कि कैसे Mac ने उनके काम करने के तरीके को बदल दिया, और कभी-कभी उन कमियों की ओर भी ध्यान दिलाया जिनमें सुधार की जरूरत थी। अपने पत्र में कुक ने लिखा, “आज हमने मेरे Apple सफर के अगले चरण की घोषणा की है। आने वाले महीनों में मैं धीरे-धीरे CEO की जिम्मेदारियों से हटकर एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में आ जाऊंगा। यह दुनिया की सबसे बेहतरीन नौकरी है, और अब इसे संभालने जा रहे हैं जॉन टर्नस।”

कौन हैं जॉन टर्नस

उन्होंने जॉन टर्नस की सराहना करते हुए कहा कि वे एक शानदार इंजीनियर और दूरदर्शी सोच रखने वाले नेता हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों में Apple के कई लोकप्रिय उत्पादों के निर्माण में अहम योगदान दिया है। कुक के अनुसार, टर्नस हर छोटे-बड़े विवरण पर ध्यान देने और चीजों को बेहतर, साहसी और अर्थपूर्ण बनाने के लिए समर्पित रहते हैं, जो उन्हें इस पद के लिए सबसे उपयुक्त बनाता है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article