इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को घर में रखे बक्से में छिपा दिया गया। कमरे से तेज बदबू आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, मृतक श्यामसुंदर कटारिया की हत्या का आरोप उनकी नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी अभिलाष पर है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने प्रेम संबंध का विरोध किए जाने के बाद हत्या की साजिश रची थी।
इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। उनकी निशानदेही पर कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।
पांच महीने पहले शुरू हुआ था संपर्क
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की की मुलाकात अभिलाष से मोबाइल नंबर पर रिचार्ज कराने के सिलसिले में हुई थी। यह संपर्क उसकी बड़ी बहन के देवर सुनील के माध्यम से हुआ था। करीब पांच महीने पहले शुरू हुआ परिचय धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। पुलिस का कहना है कि श्यामसुंदर कटारिया इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसे लेकर घर में विवाद होता था। आरोप है कि पिता के विरोध और डांट-फटकार से नाराज होकर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
चाय में मिलाईं नींद की गोलियां, फिर की हत्या
पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत अभिलाष नींद की गोलियां लेकर आया था। आरोप है कि लड़की ने ये गोलियां चाय में मिलाकर अपने पिता को पिला दीं। पिता के सो जाने के बाद दोनों ने उनके पैर रस्सी से बांध दिए।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपियों ने पहले चाकू से गला काटने की कोशिश की। इसमें सफल नहीं होने पर उन्होंने सिलबट्टे के बट्टे से सिर और चेहरे पर कई वार किए। इस हमले में श्यामसुंदर की मौत हो गई।
कंबल में लपेटकर बक्से में छिपाया शव
हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर शव को कंबल में लपेटा और घर में रखे एक बक्से के अंदर छिपा दिया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी योजना शव को बाद में किसी दूसरी जगह ले जाकर ठिकाने लगाने की थी, लेकिन घटना के कुछ दिन बाद जब कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी तब आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद परिजनों और मृतक की बड़ी बेटी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का ताला खुलवाने के बाद बक्से से श्यामसुंदर का शव बरामद किया गया।
सर्विलांस और फॉरेंसिक जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस ने सर्विलांस, एसओजी, फोरेंसिक टीम, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद ली। जांच के दौरान नाबालिग बेटी और उसके कथित प्रेमी अभिलाष को पकड़ लिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर सिलबट्टे का बट्टा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिग आरोपी के मामले में किशोर न्याय कानून के तहत प्रक्रिया लागू होगी। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम की आगे जांच कर रही है।
