बिजनेस

TCS Share Price: कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर लुढ़के

TCS Share Price: भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने FY26 में अपने वैश्विक कार्यबल के लगभग 2% या 12,261 कर्मचारियों की छंटनी की योजना बनाई है, जिनमें अधिकांश मध्यम और वरिष्ठ स्तर के होंगे। इस घोषणा के बाद सोमवार को शुरुआती कारोबार में TCS के शेयर करीब 2% गिरकर कमजोर हुए।

Image

टीसीएस शेयर प्राइस में गिरावट (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

TCS Share Price: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयरों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में करीब 2% की गिरावट दर्ज की गई। टाटा समूह की इस कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में अपने वैश्विक कर्मचारियों की संख्या में 2% की कटौती की योजना की घोषणा की है। इसके बाद इसके शेयर में गिरावट देखने को मिली। बीएसई पर टीसीएस के शेयर 1.69% की गिरावट के साथ ₹3,081.20 प्रति शेयर पर आ गए, जिससे निफ्टी आईटी इंडेक्स में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। इसके समकक्ष इंफोसिस और विप्रो के शेयरों में भी 1% से अधिक की गिरावट आई, जिससे निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.6% नीचे आ गया।

टीसीएस की छंटनी की योजना

भारत की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा निर्यातक कंपनी, टीसीएस, वित्त वर्ष 2025-26 में 12,261 कर्मचारियों की छंटनी करने की प्लानिंग कर रही है, जिसका मुख्य असर मध्यम और वरिष्ठ प्रबंधन के कर्मचारियों पर पड़ेगा। 30 जून 2025 तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 6,13,069 थी, जिसमें अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 5,000 कर्मचारी जुड़े थे। वर्कफोर्स में कमी टीसीएस की “भविष्य के लिए तैयार संगठन” बनने की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें एआई की तैनाती और बाजार विस्तार पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक टीसीएस ने एक बयान में कहा कि यह कदम कंपनी की भविष्य के लिए तैयार संगठन बनने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। इसके तहत नई तकनीक के क्षेत्रों में निवेश, नए बाजारों में प्रवेश, ग्राहकों और स्वयं के लिए बड़े पैमाने पर एआई का उपयोग, साझेदारियों को मजबूत करना, अगली पीढ़ी के बुनियादी ढांचे का निर्माण और अपने कार्यबल मॉडल को पुनर्गठित करने पर ध्यान दिया जाएगा।

कंपनी ने कहा कि इस यात्रा के एक भाग के रूप में, हम संगठन से उन सहयोगियों को भी हटाएंगे जिनकी तैनाती संभव नहीं हो सकती है। इसका प्रभाव हमारे वैश्विक कार्यबल के लगभग दो प्रतिशत पर पड़ेगा। इसमें मुख्य रूप से मध्यम और वरिष्ठ श्रेणी के अधिकारी होंगे। टीसीएस प्रभावित कर्मचारियों को उचित लाभ, क्षतिपूर्ति, परामर्श और सहायता देगी।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

End of Article