Tata Motors Passenger Vehicles Share Price Down : टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (TMPV) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में घाटा रिपोर्ट किया है। इसके साथ ही JLR को लेकर कमजोर गाइडेंस दिया है। ओवरऑल बढ़ती लागत और कमजोर नतीजों ने TMPV के शेयर पर दबाव बढ़ा दिया है।
पहले से ही दबाव झेल रहे TMPV शेयर को ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal ने भी झटका दिया है। ब्रोकरेज ने कंपनी शेयर अब बेचने की सलाह देते हुए 'Sell' रेटिंग को बरकरार रखा है। इसके अलावा शेयर प्राइस में गिरावट का भी नया अनुमान दिया है।
शेयर में क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?
सोमवार, 16 नवंबर को TMPV के शेयर में बिकवाली देखने को मिली। BSE पर शेयर करीब 9% टूटकर 262.40 रुपये तक पहुंच गया। शुक्रवार को NSE पर इसका पिछला बंद भाव 287 रुपये था। शेयर में गिरावट की बड़ी वजह कंपनी के Q2 नतीजों के साथ उसकी ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनी Jaguar Land Rover (JLR) की कमजोर आउटलुक है। खास तौर पर चीन जैसे बड़े बाजार में कमजोर मांग और बढ़ती प्रतिस्पर्धा कंपनी की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। JLR का योगदान Tata Motors PV के कुल रेवेन्यू में करीब 80% है।
Q2 में 5,531 करोड़ रुपये का घाटा
TMPV ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 5,531 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस दर्ज किया। हालांकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 34% बढ़कर 96,920 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 72,349 करोड़ रुपये था। लेकिन, कुल खर्च भी 23% से ज्यादा बढ़कर 97,827 करोड़ रुपये पहुंच गया।
Motilal Oswal ने क्यों दी Sell रेटिंग?
ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal ने Tata Motors PV पर अपनी Sell रेटिंग बरकरार रखी है। इसके साथ ही शेयर के लिए 240 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। शुक्रवार के 287 रुपये के बंद भाव के मुकाबले यह करीब 16% की संभावित गिरावट का संकेत देता है। हालांकि, सोमवार के 262.40 रुपये के इंट्राडे लो के मुकाबले यह टारगेट करीब 8.5% नीचे है।
ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 और वित्त वर्ष 2028 के लिए कंपनी के प्रति शेयर अनुमानित मुनाफे (EPS) में क्रमशः 69% और 5% की कटौती की है। Motilal Oswal के मुताबिक, JLR के कारोबार पर कई तरफ से दबाव है। इसमें वेरिएबल मार्केटिंग एक्सपेंस (VME) में बढ़ोतरी, कमोडिटी की महंगाई, चीन में कमजोर मांग और बढ़ते कर्ज के कारण ब्याज खर्च में इजाफा शामिल हैं।
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का कॉस्ट कटिंग प्रोग्राम इन चुनौतियों का असर कुछ हद तक कम कर सकता है, लेकिन इससे मार्जिन पर पड़ने वाला पूरा दबाव खत्म होने की उम्मीद नहीं है। भारत में कंपनी का पैसेंजर व्हीकल कारोबार मार्केट शेयर बढ़ाने में कामयाब रहा है, लेकिन इनपुट कॉस्ट और प्रतिकूल प्रोडक्ट मिक्स के कारण मार्जिन पर दबाव बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: TIMESNOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
