बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज विधानसभा सीट से विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने साल 2018 के चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में निचली अदालत द्वारा सुनाई गई उनकी दोषसिद्धि (कन्विक्शन) पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से विधायक की विधानसभा सदस्यता पर मंडरा रहा संकट फिलहाल टल गया है।
दिल्ली हाईकोर्ट से लगा था झटका
सुप्रीम कोर्ट का रुख करने से पहले विधायक राजू कुमार सिंह को दिल्ली हाईकोर्ट से निराशा हाथ लगी थी। हर्ष फायरिंग के इस मामले में निचली अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के फैसले पर रोक लगाने की मांग को दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद उन्होंने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जहां सुनवाई के बाद उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया।
क्या है 2018 का हर्ष फायरिंग मामला?
यह घटना 31 दिसंबर 2018 की रात की है, जब दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्महाउस पर नए साल के स्वागत में जश्न मनाया जा रहा था। समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से डॉ. अर्चना गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं और बाद में उनकी मौत हो गई थी।निचली अदालत ने सुनाई थी 4 साल की सजा
इस मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली की निचली अदालत ने राजू कुमार सिंह को दोषी करार दिया था और उन्हें 4 साल के कारावास की सजा सुनाई थी।
जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत दो साल या उससे अधिक की सजा होने पर किसी भी जनप्रतिनिधि की सदस्यता अयोग्य घोषित होने का खतरा रहता है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दोषसिद्धि पर लगाई गई रोक विधायक राजू कुमार सिंह के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
