शहर

CM योगी आदित्यनाथ ने 'योगी की पाती' पर आधारित कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन, वनटांगिया और इंसेफेलाइटिस के दिनों को किया याद

Yogi Ki Paati Coffee Table Book: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'योगी की पाती' के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।

Image

CM योगी आदित्यनाथ ने 'योगी की पाती' पर आधारित कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन, वनटांगिया और इंसेफेलाइटिस के दिनों को किया याद

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ’योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित ’कॉफी टेबल बुक’ का सोमवार को विमोचन किया। यह किताब विभिन्न मुद्दों पर आम लोगों को लिखे गए उनके पत्रों का संग्रह है। आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर पुस्तक के विमोचन के दौरान वनटांगिया समुदाय की समस्याओं, सरकारी विद्यालयों की बदहाल स्थिति और राज्य में ’इंसेफेलाइटिस’ (दिमागी बुखार) से होने वाली मौतों सहित कई मुद्दों पर बात की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वनटांगिया गांव में बच्चों को पढ़ाने के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्कूल बनवाने कराने पर तत्कालीन सरकार ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि उस समय वनटांगिया समाज बुनियादी सुविधाओं से वंचित था, लेकिन आज इन परिवारों को नागरिक अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

’योगी की पाती’ केवल पत्र या सरकारी सूचना देने का माध्यम नहीं'

मुख्यमंत्री ने कहा कि ’योगी की पाती’ केवल पत्र या सरकारी सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से आत्मीय संवाद का जरिया है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए युवाओं, छात्रों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों से जुड़े ऐसे मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया गया है जिनकी जानकारी आम लोगों तक अक्सर नहीं पहुंच पाती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान और आजादी के बाद भी लंबे समय तक वनटांगिया समुदाय की उपेक्षा की गई तथा गोरखपुर के वनटांगिया गांवों में बच्चों की पढ़ाई की कोई व्यवस्था नहीं थी।

उन्होंने बताया कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से वन विभाग के एक शेड की रंगाई-पुताई कराकर बच्चों के लिए स्कूल शुरू कराया गया था, लेकिन इसके लिए तत्कालीन सरकार और वन विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने वनटांगिया परिवारों को उनके अधिकार दिलाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और वर्ष 2007-08 में केंद्र सरकार से वन अधिकार कानून में संशोधन कराया, लेकिन उत्तर प्रदेश में 2017 तक इस कानून को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में राज्य में उनकी सरकार बनने के बाद वनटांगिया समुदाय की 54 बस्तियों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया और वहां रहने वाले हजारों परिवारों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। मुख्यमंत्री के अनुसार, इसी तरह मुसहर, थारू, चेरो, गौड़ और कोल जैसी अति पिछड़ी जातियों को भी मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

'बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ'

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले जुलाई से नवंबर के बीच ’इंसेफेलाइटिस’ से हजारों बच्चे पीड़ित होते थे और सैकड़ों की मौत हो जाती थी तथा उस समय अस्पतालों में न तो बिजली और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था थी और न ही बच्चों के लिए जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध थे। आदित्यनाथ ने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में ’इंसेफेलाइटिस’ पूरी तरह समाप्त हो गया है और बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल बंद होने की कगार पर थे तथा संसाधनों के अभाव में 60 से 70 प्रतिशत बच्चे (विशेषकर लड़कियां) नंगे पैर स्कूल जाने को मजबूर थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि’ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत जनभागीदारी से 96 प्रतिशत विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 1.60 करोड़ बच्चों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से स्कूल की वर्दी, बैग, किताबें तथा जूते-मोजे के लिए राशि सीधे उनके अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।

आदित्यनाथ ने कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अटल आवासीय विद्यालय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ’योगी की पाती’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने ’योगी की पाती’ को आम नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद का माध्यम बताते हुए कहा कि इसके जरिए उन लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिनकी समस्याएं और जरूरतें अक्सर सार्वजनिक चर्चा से बाहर रह जाती हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ’संवाद यात्रा’ पर आधारित प्रदर्शनी का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर ’योगी की पाती’ पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इससे पहले अपर मुख्य सचिव (सूचना) ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article