शहर

Noida News: आज से शुरू होगी गंगाजल की सप्लाई, 23 दिन बाद दूर होगी पानी की किल्लत

Noida News: नोएडा में 23 दिनों बाद आज यानी सोमवार 16 नवंबर से गंगाजल की सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है। यहां रोजाना 270 एमएलडी पानी मिलने से सेक्टरों और गांवों को राहत मिलेगी।

Image

नोएडा में आज से शुरू होगी गंगा जल की आपूर्ति

Noida News: नोएडा में पिछले लगभग 23 दिनों से चल रही पानी की किल्लत अब खत्म होने वाली है। आज यानी सोमवार 16 नवंबर से शहर में गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। यह नोएडा के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हरिद्वार से गंग नहर में पानी छोड़े जाने के बाद अब इसकी सप्लाई गाजियाबाद के प्लांट के रास्ते नोएडा तक पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गंगाजल मिलने से शहर को रोजाना लगभग 270 एमएलडी पानी उपलब्ध होगा। इससे सेक्टरों और गांवों में पानी की कमी के साथ कम प्रेशर की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने के बाद सबसे पहले इसे पहले अंडरग्राउंड रिजर्वायर (UGR) में स्टोर किया जाएगा। इसके बाद पानी की नियमित सप्लाई आपके घरों तक पहुंचाई जाएगी। यानी नहर में पानी पहुंचने के साथ ही घरों में आपूर्ति सामान्य नहीं होगी। इसके लिए कुछ समय जरूर लग सकता है।

रोजाना 270 MLD गंगाजल की सप्लाई होती है

नोएडा में रोजाना लगभग 137.5 क्यूसेक यानी 270 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) गंगाजल की आपूर्ति होती है। इसे रेनीवेल और ट्यूबवेल से मिलने वाले पानी के साथ मिलाकर लोगों के घरों तक पहुंचाया जाता है। इस दौरान गंगाजल की सप्लाई बंद होने के दौरान अथॉरिटी को दूसरे जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ा। इससे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया।

हर साल 20 दिन बंद रहती है गंगाजल की सप्लाई

दरअसल, हर साल दशहरा से दिवाली के बीच हरिद्वार में गंग नहर की सफाई की जाती है। इस दौरान लगभग 20 दिनों तक गंगाजल की आपूर्ति बंद रहती है। नोएडा को गंगाजल गाजियाबाद स्थित प्लांट के माध्यम से मिलता है। हरिद्वार से नहर में पानी छोड़े जाने के बाद इसे नोएडा तक पहुंचने में दो से तीन दिन का समय लगता है।

सेक्टर-55 और 56 में हुई थी पानी की किल्लत

गंगाजल की आपूर्ति बंद होने का असर शहर के कई सेक्टरों और गांवों में देखने को मिला। कई इलाकों में सुबह और शाम मिलाकर महज एक से दो घंटे पानी मिल रहा था। कम प्रेशर के कारण बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। सेक्टर-55 और 56 सहित कई इलाकों के निवासियों ने पानी की समस्या को लेकर विरोध भी जताया था।

अथॉरिटी के महाप्रबंधक आरपी सिंह के अनुसार, गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने से शहर में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी। इससे लोगों को लंबे समय से चल रही पेयजल की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article