Morbi Car Accident: गुजरात के मोरबी-राजकोट हाईवे पर टंकारा के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
काम के सिलसिले में मोरबी आ रहे थे तीनों युवक
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान राजकोट निवासी 25 वर्षीय अमन गणेशभाई बाबरिया और 28 वर्षीय प्रभात कालूभाई लामका के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल 35 वर्षीय जीवण सवाभाई डाभी को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराय गया है। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक मंडप डेकोरेशन का काम करते थे। वे काम के सिलसिले में मोरबी आ रहे थे। इसी दौरान टंकारा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद हुआ हादसा
बताया गया कि तेज रफ्तार कार पहले पलटी और फिर बिजली के ट्रांसफॉर्मर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही टंकारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। टंकारा पुलिस ने दुर्घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
