वैश्विक दूरसंचार उद्योग की प्रमुख संस्था ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशन एसोसिएशन (GSMA) ने भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें वैश्विक टेलीकॉम परिदृश्य को बदलने और दुनिया भर में कनेक्टिविटी के विस्तार में अहम भूमिका निभाने के लिए दिया गया। GSMA के इतिहास में यह पुरस्कार बहुत कम इंडस्ट्री लीडर्स को मिला है, जिनके कार्यों ने वैश्विक संचार इकोसिस्टम पर स्थायी प्रभाव छोड़ा है। यह पुरस्कार GSMA के इतिहास में केवल चुनिंदा इंडस्ट्री लीडर्स को ही प्रदान किया गया है और सुनील भारती मित्तल इस सम्मान से नवाजे जाने वाले पहले भारतीय हैं।
टेलीकॉम जगत के विजनरी लीडर हैं सुनील भारती मित्तल
टेलिकॉम सेक्टर के दूरदर्शी नेता सुनील भारती मित्तल ने भारती एयरटेल को दुनिया के अग्रणी मोबाइल ऑपरेटरों में शामिल किया है। भारत और अफ्रीका में परिचालन के साथ यह कंपनी वैश्विक स्तर पर शीर्ष तीन में शुमार है और आधे अरब से अधिक ग्राहकों को सेवाएं देती है। उन्होंने उभरते बाजारों में मोबाइल सेवाओं के विस्तार का नेतृत्व किया और 2017 से 2018 तक GSMA के चेयरमैन के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने निवेश और इनोवेशन को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों का समर्थन किया, साथ ही ‘अनकनेक्टेड’ आबादी को जोड़ने और डिजिटल समावेशन को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग की प्रतिबद्धता को मजबूत किया। इससे पहले उन्हें 2008 और 2016 में वैश्विक मोबाइल उद्योग के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए GSMA चेयरमैन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था और फरवरी 2019 में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में उनके चेयरमैनशिप के सम्मान में अभिनंदन किया गया था।
'इस सम्मान को पाकर मैं अत्यंत गौरवान्वित हूं'
पुरस्कार ग्रहण करते हुए सुनील भारती मित्तल ने कहा, "इस सम्मान को पाकर मैं अत्यंत गौरवान्वित हूं और इस पुरस्कार के लिए GSMA का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं इसे केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि भारत की दूरसंचार यात्रा, भारती की सामूहिक भावना और वैश्विक मंच पर भारतीय टेलीकॉम कंपनियों के उदय के प्रति सम्मान के रूप में स्वीकार करता हूं। यह पुरस्कार उस उद्योग की प्रगति का भी प्रतीक है जिसने अरबों लोगों को जोड़ा है और यह हमारे ग्राहकों, हमारी संस्थाओं का निर्माण करने वाली टीमों तथा कनेक्टिविटी की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास रखने वाले साझेदारों का है। दूरसंचार अवसरों का विस्तार करता है, आवश्यक सेवाओं को प्रत्येक व्यक्ति की हथेली तक पहुंचाता है और मानव क्षमता को उजागर करता है। इसके विकास को आधुनिक प्रगति के एक शक्तिशाली उत्प्रेरक के रूप में आकार देने में योगदान देना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। जैसे-जैसे इनोवेशन तेज हो रहा है, हम अपने साझेदारों और हितधारकों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करते रहेंगे कि विकास समानता को आगे बढ़ाए और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी अवसर सृजित करे।"
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड एक अत्यंत दुर्लभ सम्मान है, जो केवल उन चुनिंदा व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिनके नेतृत्व और इनोवेशन ने उद्योग पर स्थायी प्रभाव छोड़ा है।
दुनिया की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं
यह सम्मान मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC 2026) के दौरान बार्सिलोना में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में स्पेन के सम्राट फेलिप VI, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज और कैटेलोनिया के राष्ट्रपति साल्वाडोर इल्ला सहित कई हस्तियां मौजूद थीं। सुनील भारती मित्तल को एक दूरदर्शी नेता के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने भारतीय एयरटेल को दुनिया की अग्रणी मोबाइल नेटवर्क ऑपरेटर कंपनियों में शामिल किया। कंपनी आज भारत और अफ्रीका में 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवा दे रही है और वैश्विक स्तर पर शीर्ष तीन मोबाइल ऑपरेटरों में गिनी जाती है।
