बिजनेस

Stock Market Today: शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन उछाल, सेंसेक्स 1000 अंक चढ़ा, निफ्टी 304 अंक

Stock Market Today: JM फाइनेंशियल के तकनीकी विश्लेषक तेजस शाह ने ET NOW स्वदेश को बताया कि निफ्टी ने आखिरकार पिछले पांच हफ्तों की सीमित रेंज को तोड़ दिया है। आज की तेजी ने 25,200 के प्रमुख रेजिस्टेंस को पार कर लिया है। अब 25150 पर तत्काल सपोर्ट और 25,000 पर मजबूत आधार बना है। आइए जानते हैं आज शेयर बाजार का क्या हाल है।

Image

शेयर बाजार में तेजी

Photo : iStock

Stock Market Today 25 जून 2025: भू-राजनीतिक तनाव कम होने और बड़ी कंपनियों के चुनिंदा शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार गुरुवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में जहां 1,000 अंक का जोरदार उछाल आया, वहीं निफ्टी 304 अंक चढ़ गया। विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव शांत होने और घरेलू स्तर पर उपजे आशावाद ने निवेशकों की धारणा को मजबूती दी। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली से भी तेजी आई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,000.36 अंक यानी 1.21 प्रतिशत बढ़कर 83,755.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,056.58 अंक चढ़कर 83,812.09 अंक तक पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी 304.25 अंक यानी 1.21 प्रतिशत बढ़कर 25,549 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, इटर्नल, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से तेजी रही। इसके उलट, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा, मारुति और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में गिरावट का रुख देखने को मिला।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग के हैंग सेंग में गिरावट रही। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत बढ़कर 67.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,427.74 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,372.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बुधवार को सेंसेक्स 700.40 अंक उछलकर 82,755.51 अंक पर और निफ्टी 200.40 अंक चढ़कर 25,244.75 अंक पर रहा था।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article