बिजनेस

Stock Market Today 27 June 2025: शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स फिर से 84000 के पार, निफ्टी में भी उछाल

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 27, 2025, 05:19 PM IST

Stock Market Today 27 June 2025: भारतीय शेयर बाजार ने आज, 27 जून को लगातार चौथे दिन तेजी जारी रही। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान पर बंद हुआ। वैश्विक सकारात्मक संकेत, भू-राजनीतिक तनावों में कमी, शुल्क नीति को लेकर उम्मीद और दिग्गज शेयरों में खरीदारी ने शुरुआती बढ़त को समर्थन दिया। निवेशकों में विश्वास लौटता दिख रहा है।

Image

भारतीय शेयर बाजार में तेजी

Photo : iStock

Stock Market Today 27 June 2025 : विदेशी पूंजी के प्रवाह में वृद्धि और ICICI बैंक एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज में मजबूत खरीदारी के कारण शुक्रवार को स्थानीय शेयर बाजार लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 303 अंक बढ़कर 84,058.90 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी में 89 अंक की तेजी देखी गई।

रुपये की मजबूती और तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से निवेशकों का विश्वास बढ़ा।

सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 303.03 अंक यानी 0.36% बढ़कर 84,058.90 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 333.48 अंक की तेजी भी दर्ज की। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 88.80 अंक यानी 0.35% बढ़कर 25,637.80 अंक पर बंद हुआ।

प्रमुख शेयरों में तेजी और गिरावट

सेंसेक्स समूह की कंपनियों में एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड, ICICI बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और सन फार्मा के शेयरों में अच्छी तेजी रही। वहीं, ट्रेंट, इटर्नल, एक्सिस बैंक और टाइटन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 12,594.38 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

विशेषज्ञों की राय

जियोजीत इन्वेस्टमेंट के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध-विराम और व्यापार तनाव में कमी ने निवेशकों के संदेह दूर किए हैं। लगातार बिकवाली के बाद FII अब शुद्ध खरीदार बन गए हैं, जिससे बाजार में स्थिरता आई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

एशियाई बाजारों में जापान का निक्की बढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया, चीन और हांगकांग के बाजार नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में तेजी के साथ थे। अमेरिका के बाजार भी सकारात्मक रहे।

पिछले दिन का बाजार प्रदर्शन

बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 1,000.36 अंक उछलकर 83,755.87 पर और निफ्टी 304.25 अंक बढ़कर 25,549 अंक पर बंद हुआ था।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

End of Article