बिजनेस

Elon Musk की कंपनी SpaceX का धमाका! IPO लिस्टिंग के साथ ही $2 ट्रिलियन के पार पहुंची वैल्यूएशन

एलन मस्क की SpaceX ने अमेरिकी शेयर बाजार में ऐतिहासिक शुरुआत की है। आईपीओ लिस्टिंग के साथ ही कंपनी का वैल्यूएशन $2 ट्रिलियन के पार पहुंच गया, जिससे मस्क $1.1 ट्रिलियन की नेटवर्थ के साथ दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए हैं।

Image

Elon Musk Space X

ग्लोबल स्टॉक मार्केट और स्पेस टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक ऐसा ऐतिहासिक धमाका हुआ है, जिसने बिजनेस के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क (Elon Musk) की रॉकेट कंपनी 'स्पेसएक्स' (SpaceX IPO) ने अमेरिकी शेयर बाजार में अपना कदम रख दिया है। स्पेसएक्स के आईपीओ (IPO) की लिस्टिंग उम्मीद से कहीं ज्यादा धमाकेदार रही। बाजार में आते ही कंपनी के शेयरों की ऐसी भारी डिमांड दिखी कि स्पेसएक्स का कुल मार्केट वैल्यूएशन (बाजार मूल्य) 2 ट्रिलियन डॉलर (यानी करीब 2,000 अरब डॉलर) के आंकड़े को पार कर गया। इस ऐतिहासिक लिस्टिंग के साथ ही स्पेसएक्स ने दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की एलीट लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह पहला मौका है जब किसी स्पेस टेक कंपनी ने शेयर बाजार में इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की है।

अमेरिकी बाजार में मचा तहलका, दिग्गजों को दी टक्कर

अमेरिकी शेयर बाजार में स्पेसएक्स के आईपीओ की लिस्टिंग $135 प्रति शेयर के भाव पर हुई। जैसे ही ट्रेडिंग शुरू हुई, निवेशकों के बीच इस शेयर को खरीदने की होड़ मच गई। देखते ही देखते कंपनी की कुल वैल्यूएशन 2 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई। इस शानदार कामयाबी के साथ ही स्पेसएक्स दुनिया की छठी सबसे मूल्यवान (Valuable) कंपनी बन चुकी है। अब इस लिस्ट में स्पेसएक्स से आगे सिर्फ एनवीडिया (Nvidia), ऐपल (Apple), अल्फाबेट (गूगल), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) और ऐमजॉन (Amazon) जैसी टेक दिग्गज कंपनियां ही बची हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि स्पेसएक्स ने वैल्यूएशन के मामले में मस्क की ही अपनी दूसरी मशहूर इलेक्ट्रिक कार कंपनी 'टेस्ला' (Tesla) को भी काफी पीछे छोड़ दिया है। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस आईपीओ ने साबित कर दिया है कि भविष्य स्पेस और एआई (AI) का ही है।

एलन मस्क बने दुनिया के पहले 'ट्रिलियनेयर'

स्पेसएक्स की इस छप्परफाड़ लिस्टिंग का सबसे बड़ा फायदा खुद एलन मस्क को मिला है। मस्क पहले से ही दुनिया के सबसे अमीर शख्स थे, लेकिन इस आईपीओ के बाद वे एक ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं जहां आज तक इतिहास में कोई इंसान नहीं पहुंच सका। मस्क की स्पेसएक्स में करीब 42 से 43 फीसदी की सीधी हिस्सेदारी (Shareholding) है। इस लिस्टिंग के कारण एक ही झटके में मस्क की नेटवर्थ में करीब 866 बिलियन डॉलर का भारी-भरकम इजाफा हो गया। इसके अलावा टेस्ला, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर), न्यूरालिंक और xAI जैसी कंपनियों में भी मस्क की बहुत मजबूत होल्डिंग है। इन सभी संपत्तियों को मिलाकर अब एलन मस्क की कुल नेटवर्थ 1.11 ट्रिलियन डॉलर के पार निकल गई है, जिससे वे आधिकारिक तौर पर दुनिया के पहले 'ट्रिलियनेयर' बन गए हैं।

क्यों है स्पेसएक्स पर निवेशकों को इतना भरोसा?

आखिरकार इस कंपनी में ऐसा क्या है जो लोग इसके शेयर्स के लिए दीवाने हो रहे हैं? इसका सीधा जवाब है- स्पेसएक्स का भविष्य का विजन। एलन मस्क ने साल 2002 में इस कंपनी की शुरुआत की थी। आज स्पेसएक्स दुनिया की इकलौती ऐसी प्राइवेट कंपनी है जिसके पास रीयूजेबल (दोबारा इस्तेमाल होने वाले) रॉकेट हैं, जिससे अंतरिक्ष में सैटेलाइट भेजना बेहद सस्ता हो गया है। इसके अलावा, कंपनी का 'स्टारलिंक' (Starlink) प्रोजेक्ट, जो अंतरिक्ष से पूरी दुनिया में हाई-स्पीड इंटरनेट दे रहा है, कमाई का एक बहुत बड़ा जरिया बन चुका है। निवेशकों को भरोसा है कि आने वाले समय में जब अंतरिक्ष पर्यटन (Space Tourism) शुरू होगा और इंसान मंगल ग्रह (Mars) पर जाएगा, तो उसमें सिर्फ और सिर्फ स्पेसएक्स का ही राज होगा। इसी भरोसे ने आज स्पेसएक्स को इस ऐतिहासिक मुकाम पर पहुंचा दिया है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article