Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 1 October 2025 : सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है। रोज नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार बुधवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोना बढ़कर ₹1,17,332 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर ₹1,45,120 प्रति किलोग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार बुधवार को दिल्ली में सोने की कीमतें 1,100 रुपये बढ़कर 1,21,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) के नए शिखर पर पहुंच गया। मंगलवार को यह 1,20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी चांदी की कीमतें 1,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स समेत) पर स्थिर रहीं, जो अपने रिकॉर्ड स्तर पर है। आगे IBJA के मुताबिक जानिए 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं। दिनभर जैसे-जैसे कीमतों में बदलाव होंगे हम आपको अपडेट कराते रहेंगे।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| शुद्धता | सुबह के रेट | दोपहर के रेट | शाम के रेट |
| सोना 24 कैरेट | 115349 रुपये प्रति 10 ग्राम | 116586 रुपये प्रति 10 ग्राम | 117332 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 23 कैरेट | 114887 रुपये प्रति 10 ग्राम | 116119 रुपये प्रति 10 ग्राम | 116862 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 22 कैरेट | 105660 रुपये प्रति 10 ग्राम | 106793 रुपये प्रति 10 ग्राम | 107476 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 18 कैरेट | 86512 रुपये प्रति 10 ग्राम | 87440 रुपये प्रति 10 ग्राम | 87999 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 14 कैरेट | 67479 रुपये प्रति 10 ग्राम | 68203 रुपये प्रति 10 ग्राम | 68639 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| चांदी 999 | 142434 रुपये प्रति 10 ग्राम | 144125 रुपये प्रति 10 ग्राम | 145120 रुपये प्रति 10 ग्राम |
पिछले दिन क्या रहा सोना का भाव
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतें नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। सोना 500 रुपये चढ़कर रिकॉर्ड 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोने का भाव सोमवार को 1,500 रुपये की तेजी के साथ 1,19,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और यह 500 रुपये की तेजी के साथ 1,19,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले बाजार सत्र में इसकी कीमत 1,18,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।
पिछले दिन क्या रहा चांदी का भाव
इसके अलावा मंगलवार को चांदी की कीमत 500 रुपये बढ़कर 1,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के नए शिखर पर पहुंच गई। सोमवार को यह 7,000 रुपये चढ़कर रिकॉर्ड 1,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी।
वैश्विक स्तर पर क्या रहे सोना-चांदी के भाव
वैश्विक स्तर पर, निवेशकों द्वारा ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के कारण सोने व चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर से नीचे आईं। सोने का हाजिर भाव 0.55 प्रतिशत फिसलकर 3,813.14 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिन के कारोबार में यह 3,871.72 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। विदेशी बाजारों में चांदी का हाजिर भाव 1.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 46.22 डॉलर प्रति औंस रहा।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक मिराए एसेट शेयरखान के जिंस और मुद्रा मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि पीली धातु 3,871 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। वर्तमान में यह कुछ नुकसान के साथ 3,818 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। इसका कारण कारोबारियों का ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली करना है।
वायदा बाजार में सोना का भाव
मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों के ताजा सौदों से वायदा कारोबार में सोने और चांदी का भाव सोमवार नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले अनुबंधों के सोने का भाव 1,217 रुपये या 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,17,561 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। फरवरी 2026 में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों की कीमत 1,314 रुपये यानी 1.12 प्रतिशत चढ़कर 1,18,788 प्रति 10 ग्राम के अब तक के उच्च स्तर पर पहुंच गई।
वायदा बाजार में चांदी का भाव
चांदी में भी तेजी देखी गई और यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 1,101 रुपये या 0.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,44,200 रुपये प्रति किलोग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गई। इसी तरह, अगले साल मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 1,127 रुपये या 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,45,858 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।
वैश्विक स्तर पर सोने-चांदी का वायदा भाव
कारोबारियों का कहना है कि रुपये में कमजोरी और घरेलू बाजार में निराशाजनक माहौल ने सोने की कीमतों को और मजबूती दी। वैश्विक स्तर पर भी सोने और चांदी की कीमत में रिकॉर्ड तेजी जारी रही। सोने का वायदा भाव एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ 3,895.22 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर पर रहा। दूसरी ओर चांदी की कीमत मामूली बढ़त के साथ 47.41 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर रही।
